शराब ठेके के कर्मचारी से 50 हजार की लूट का प्रयास, तमंचे से धमकाकर की पिटाई
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (10 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक शराब ठेके के कर्मचारी से हथियार के बल पर लूट का प्रयास किया गया। घटना चांदपुर मोड़ के पास उस समय हुई जब पीड़ित कर्मचारी अपनी दूसरी दुकान के लिए बिक्री की रकम लेकर जा रहा था। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया और तमंचा दिखाकर कैश लूटने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने से लुटेरे भाग खड़े हुए।
पीड़ित की पहचान बुलंदशहर जिले के डबखौरा गांव निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार राजकुमार शराब ठेके में बतौर कर्मचारी कार्यरत हैं। बुधवार को वह करीब 50 हजार रुपये की नकदी लेकर अपनी दूसरी दुकान की ओर जा रहे थे।
जब वे गांव आछेपुर के पास चांदपुर मोड़ पहुंचे, तभी हेलमेट पहने दो बदमाश अपाचे बाइक पर सवार होकर उनके पीछे पहुंचे। बदमाशों ने उनकी बाइक में जानबूझकर टक्कर मार दी, जिससे वह गिर पड़े। इसके बाद एक बदमाश ने तमंचा निकालकर उनकी कनपटी पर लगा दिया और रुपये से भरा बैग छीनने का प्रयास करने लगा। राजकुमार ने हिम्मत दिखाते हुए लूट का विरोध किया, तो बदमाशों ने उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी। तभी मौके से गुजर रहे एक ट्रैक्टर पर कुछ ग्रामीण आते दिखाई दिए। ग्रामीणों को आता देख हमलावर बदमाश भाग निकले।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाली प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि मामला अभी जांच के दायरे में है और घटनाक्रम कुछ हद तक संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।