गौतमबुद्ध नगर के नव नियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा का दूजाना नागर क्लब द्वारा भव्य स्वागत समारोह
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा, (7 अप्रैल 2025): भाजपा के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा का रविवार, 6 अप्रैल को गौतमबुद्ध नगर के दूजाना गांव में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दूजाना नागर क्लब व ग्रामवासियों द्वारा बाबा फ़ार्महाउस क्लब परिसर में किया गया, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय लोग व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस भव्य समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिसोदिया ने की। डॉ. महेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने एक युवा, ऊर्जावान और विचारशील कार्यकर्ता को जिलाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया है, जिससे जनपद के युवाओं में नया जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा का पारिवारिक पृष्ठभूमि भी संघ और संगठन से जुड़ा रहा है, उनके दादा और पिता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि अभिषेक शर्मा जिले के सभी वर्गों को साथ लेकर भाजपा को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिसोदिया ने कहा कि जनपद को एक कर्मठ और ऊर्जावान जिलाध्यक्ष मिला है, जो संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।
दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर ने कहा कि अभिषेक शर्मा के जिलाध्यक्ष बनने से युवाओं में जबरदस्त उत्साह है और इससे पार्टी से बड़ी संख्या में युवा जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि युवा नेतृत्व संगठन को नई दिशा देगा।
जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने मंच से सभी आमंत्रित अतिथियों व ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा सौंपी गई इस जिम्मेदारी को वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार की योजनाओं व कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम को एमएलसी श्रीचंद शर्मा और पूर्व विधायक सतवीर गुर्जर ने भी संबोधित किया और अभिषेक शर्मा को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधायक मास्टर तेजपाल नागर, पवन नागर, हरेन्द्र नागर, अनिल प्रधान, महेन्द्र नागर, अमन कौशिक, दीपक नागर, कर्मवीर आर्य, रवि जिंदल, नीतीश भाटी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जिलाध्यक्ष का जोशीला स्वागत किया।
यह समारोह भाजपा संगठन में युवाओं के बढ़ते प्रतिनिधित्व और गांव-स्तर पर पार्टी के मजबूत होते आधार का प्रमाण बन गया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।