वक्फ संशोधन कानून के समर्थन में शाहीन बाग में ‘धन्यवाद यात्रा’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (07 अप्रैल 2025): दिल्ली के शाहीन बाग में वक्फ संशोधन विधेयक के समर्थन में एक ‘धन्यवाद यात्रा’ निकाली गई। यह आयोजन ‘क्लीन ओखला, ग्रीन ओखला’ संस्था की ओर से किया गया, जिसमें बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। यह यात्रा वक्फ संशोधन कानून को लेकर राष्ट्रपति की मंजूरी और संसद के दोनों सदनों से विधेयक के पास होने के बाद आयोजित की गई थी।

पदयात्रा के दौरान जमाल सिद्दीकी ने इस कानून की सराहना करते हुए कहा कि यह पिछड़े मुसलमानों, महिलाओं और अन्य वर्गों को वक्फ बोर्ड में प्रतिनिधित्व देने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देने के लिए यह यात्रा निकाली गई है और इसके जरिए एक पत्र भी सौंपा गया है। यात्रा में करीब 70 से अधिक मुस्लिम नागरिक शामिल हुए, जिनमें शाहीन बाग की कई महिलाएं भी सक्रिय रूप से भाग लेती दिखीं। बीजेपी नेता जमाल सिद्दीकी ने इस दौरान ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि AIMPLB को ‘बोर्ड’ कहने का कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि यह संस्था कभी भी भारत के आम मुस्लिम समाज की सहायता नहीं करती। उनका कहना था कि AIMPLB अक्सर ऐसे लोगों के साथ खड़ी होती है जो मुसलमानों को देश के खिलाफ भड़काते हैं।

सिद्दीकी ने यह भी बताया कि बीते एक दशक से वह ओखला और शाहीन बाग के लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ सीमित समूह और नेता जैसे असदुद्दीन ओवैसी और मौलाना मदनी ही इस कानून का विरोध कर रहे हैं, जबकि मुस्लिम समाज का बड़ा तबका इसका समर्थन कर रहा है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह जल्द ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर AIMPLB की गतिविधियों की जांच की मांग करेंगे। सिद्दीकी ने कहा कि वक्फ संशोधन कानून का पास होना मुस्लिम समाज के लिए प्रगतिशील कदम है और इसका विरोध करने वाले समाज की मुख्यधारा से कटे हुए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।