नई दिल्ली (1 अप्रैल 2025): भीषण गर्मी के बीच दिल्ली सरकार ने राजधानी के लोगों को राहत देने के लिए 5000 वाटर एटीएम लगाने की योजना बनाई है। यह वाटर एटीएम उन इलाकों में लगाए जाएंगे जहां स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सीमित है। योजना के पहले चरण में व्यस्त बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में एटीएम लगाए जाएंगे ताकि लोगों को महंगा पानी खरीदने की जरूरत न पड़े।
जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस योजना की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार चाहती है कि हर नागरिक को स्वच्छ और सस्ता पानी उपलब्ध हो। इन एटीएम पर एक तय कीमत पर पानी मिलेगा, जिससे न केवल लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि प्लास्टिक की बोतलों के उपयोग को भी नियंत्रित किया जा सकेगा। एटीएम से मिलने वाली प्लास्टिक की बोतलों को रिसाइकल करने की भी योजना बनाई गई है।
सरकार की इस योजना के तहत पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर वाटर एटीएम स्थापित किए जाएंगे। इसका मतलब है कि सरकार निजी कंपनियों की मदद से इन्हें संचालित करेगी। इसके रखरखाव की जिम्मेदारी स्थानीय बाजार संगठन और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) को सौंपी जाएगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ये एटीएम ठीक से काम करते रहें।
दिल्ली के कई इलाकों में अभी भी पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति नहीं हो पाती है, जिससे लोगों को महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ता है। खासतौर पर गर्मियों में पानी की समस्या और गंभीर हो जाती है। ऐसे में वाटर एटीएम से उन इलाकों में पानी की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है, जहां जल आपूर्ति के सीमित साधन हैं।
यह योजना दिल्ली कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजी जाएगी। सरकार का कहना है कि जल्द ही इसका पहला चरण शुरू किया जाएगा। पूर्व की आम आदमी पार्टी सरकार ने पहले झुग्गी-बस्तियों में 2500 स्मार्ट कार्ड बांटकर चार वाटर एटीएम स्थापित किए थे, जिनसे लोग रोज 20 लीटर तक पानी ले सकते थे।
एनसीआर के अन्य शहरों जैसे गुरुग्राम और फरीदाबाद में वाटर एटीएम पहले से ही काफी लोकप्रिय हैं। नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) क्षेत्र में भी वाटर एटीएम लगाए गए हैं, जहां से लोग स्वच्छ पानी प्राप्त कर सकते हैं। दिल्ली सरकार अब पूरे शहर में इस सुविधा का विस्तार करने की योजना बना रही है ताकि हर व्यक्ति को आसानी से शुद्ध पेयजल मिल सके।
अधिकारियों के अनुसार, वाटर एटीएम उन इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर लगाए जाएंगे, जहां पाइपलाइन नहीं पहुंची है और जहां टैंकरों के जरिए पानी की आपूर्ति की जाती है। इन एटीएम से लोगों को न केवल राहत मिलेगी बल्कि पानी की बर्बादी को रोकने में भी मदद मिलेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।