भाजपा कार्यकर्ताओं ने 1110 बूथों पर सुना ‘मन की बात’, घर-घर जाकर बांटी पत्रक-पुस्तिकाएं

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (30 मार्च 2025): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को आज गौतमबुद्ध नगर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़े उत्साह के साथ 1110 बूथों पर आम जनता के साथ सुना। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क अभियान चलाकर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों की जानकारी दी और पत्रक एवं पुस्तिकाएं वितरित कीं।

जिला भाजपा अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने जेवर के मॉडलपुर नंगला और बंजारा के बूथ 322 पर कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना और इसके बाद जेवर व जहांगीरपुर कस्बे में घर-घर संपर्क अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते आठ वर्षों में कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हुआ है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार की इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इसी उद्देश्य से यह संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान ‘8 साल बेमिसाल’ थीम के तहत जनता को प्रदेश सरकार की नीतियों और योजनाओं की जानकारी देने के लिए शुरू किया गया है। यह अभियान सशक्त प्रदेश और समर्थ भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को सरकार की उपलब्धियों से अवगत करा रहे हैं, जिससे वे सही जानकारी प्राप्त कर सकें और योजनाओं का लाभ उठा सकें।

इस दौरान जिलाध्यक्ष के साथ जिला महामंत्री दीपक भारद्वाज, मनोज गर्ग, धर्मेंद्र कोरी, जिला उपाध्यक्ष सेवानंद शर्मा, सत्यपाल शर्मा, गुरुदेव भाटी, विकास चौधरी, अमित पंडित, राहुल पंडित, राजीव सिंघल, महेंद्र नागर, सुनील रावत सहित हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न बूथों पर ‘मन की बात’ सुनी और घर-घर जाकर प्रचार अभियान चलाया।

इस तरह, भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से न केवल प्रधानमंत्री के संदेश को जनता तक पहुंचाया बल्कि प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को साझा कर एक मजबूत जनसंपर्क अभियान भी चलाया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।