केजरीवाल सरकार ने दलितों और गरीबों को बनाया वोट बैंक: दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (27 मार्च 2025): दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आज एक पत्रकार सम्मेलन में आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (AAP) और अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और गरीबों को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने बड़े-बड़े बजट आवंटन दिखाए लेकिन जमीनी स्तर पर धन खर्च नहीं किया, जिससे यह साबित होता है कि इन वर्गों के साथ छलावा हुआ है।
दलित प्रतिभा योजना में बजट आवंटन और शून्य खर्च
सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना के नाम पर दलित समाज को ठगने का काम किया।
•2020-21 में इस योजना के लिए ₹40 करोड़ आवंटित हुए, लेकिन खर्च सिर्फ ₹1.5 करोड़ हुआ।
•2021-22 में ₹50 करोड़ का बजट तय किया गया, लेकिन असल में खर्च सिर्फ ₹2.90 करोड़ हुआ।
•2022-23 में यह धोखा चरम पर पहुंचा, जब ₹70 करोड़ का आवंटन हुआ, लेकिन एक भी पैसा खर्च नहीं हुआ।
•2023-24 में बजट घटाकर ₹20 करोड़ कर दिया गया, लेकिन खर्च सिर्फ ₹1 लाख हुआ।
अल्पसंख्यकों, पिछड़ों और गरीबों के लिए बड़े वादे, पर हकीकत में धोखा
सचदेवा ने बताया कि जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना के तहत अल्पसंख्यकों और गरीबों को भी ठगा गया।
•2020-21 में ₹60 करोड़ का बजट आवंटित हुआ, लेकिन खर्च ₹0 रहा।
•2021-22 में ₹70 करोड़ का आवंटन हुआ, लेकिन खर्च सिर्फ ₹4.2 करोड़ हुआ।
•2022-23 में ₹90 करोड़ का बजट दिखाया गया, लेकिन खर्च ₹0 हुआ।
•2023-24 में ₹30 करोड़ आवंटित हुए, लेकिन खर्च ₹0 रहा।
मुख्यमंत्री विद्यार्थि प्रतिभा योजना में भी फेल हुई सरकार
शिक्षा सुधार के बड़े-बड़े दावे करने वाली केजरीवाल सरकार ने मुख्यमंत्री विद्यार्थि प्रतिभा योजना के तहत 2020-21 से 2023-24 के बीच ₹461 करोड़ का बजट दिखाया, लेकिन खर्च मात्र ₹32.2 करोड़ यानी सिर्फ 7% ही किया गया।
दलित बस्तियों के लिए किया छलावा
दिल्ली में दलित बस्तियों की बदहाली किसी से छिपी नहीं है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने 2020-21 से 2023-24 तक दलित बस्तियों के सुधार के लिए ₹260 करोड़ की योजनाएं घोषित कीं, लेकिन असल में खर्च सिर्फ ₹120.60 करोड़ हुआ।
दिल्ली भाजपा करेगी केजरीवाल सरकार के झूठे वादों का खुलासा
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सरकार शीघ्र ही विधानसभा में अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा लाई गई छलावा योजनाओं की सूची पेश करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से आग्रह किया है कि इन योजनाओं का पूरा विवरण जनता के सामने रखा जाए ताकि दलितों, गरीबों और पिछड़ों के साथ किए गए इस धोखे की पोल खुल सके।
पत्रकार सम्मेलन में भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, प्रवक्ता शुभेन्दू शेखर अवस्थी और डॉ. ममता त्यागी भी उपस्थित थे। भाजपा नेताओं ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने सिर्फ प्रचार पर करोड़ों खर्च किए, लेकिन जनता के लिए कोई ठोस काम नहीं किया।
भाजपा का आरोप है कि केजरीवाल सरकार ने दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीबों के लिए योजनाओं की घोषणाएं तो कीं, लेकिन वास्तविकता में उनके उत्थान के लिए कोई प्रयास नहीं किया। यह सरकार सिर्फ बड़े-बड़े वादे करके जनता को गुमराह करती रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।