“एल2: एम्पुरान” फिल्म के प्रमोशन के दौरान पृथ्वीराज सुकुमारन ने की हिंदी सिनेमा की सराहना, क्या बोले?
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (27 मार्च 2025): बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘एल2: एम्पुरान’ की रिलीज से पहले इसका प्रमोशनल कार्यक्रम राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित पीवीआर प्लाजा में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही, जिनमें सुपरस्टार मोहनलाल, पृथ्वीराज सुकुमारन, मंजू वारियर, टैविनो थॉमस, अभिमन्यु सिंह और इंद्रजीत सुकुमारन शामिल थे।
फिल्म के निर्देशक और अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन ने इस मौके पर हिंदी फिल्म उद्योग की सराहना करते हुए कहा कि 1990 के दशक के बाद बॉलीवुड ने भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सिनेमा को इस राह को दिखाने के लिए हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का हमेशा ऋणी रहना चाहिए।
पृथ्वीराज, जिन्होंने मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के मेगास्टार मोहनलाल को ‘एल2: एम्पुरान’ में निर्देशित किया है और इसमें एक महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाई है, ने कहा कि हर फिल्म इंडस्ट्री अपने-अपने दौर से गुजरती है। उन्होंने स्वीकार किया कि वर्तमान में मलयालम सिनेमा को काफी सराहा जा रहा है, लेकिन कुछ समय पहले तक केरल में फिल्मकार इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि हिंदी सिनेमा कैसे इतनी बेहतरीन फिल्में बना रहा है। उन्होंने अनुराग कश्यप, विक्रमादित्य मोटवानी और हंसल मेहता जैसे निर्देशकों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसी विषय-वस्तु तैयार की, जिसने दक्षिण भारतीय फिल्मकारों को भी प्रभावित किया।
पृथ्वीराज ने इस बात पर जोर दिया कि आने वाले वर्षों में हिंदी सिनेमा फिर से अपने स्वर्णिम दौर में लौट सकता है और लोग एक बार फिर इसकी तारीफ करेंगे। उन्होंने कहा कि हिंदी सिनेमा ने भारतीय फिल्मों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में पथप्रदर्शक की भूमिका निभाई है और क्षेत्रीय फिल्म उद्योगों को भी इससे सीखने की जरूरत है।
गौरतलब है कि ‘एल2: एम्पुरान’ इसी गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है और प्रशंसकों को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। यह फिल्म 2019 में आई हिट फिल्म ‘लूसिफर’ की अगली कड़ी है, जिसे पृथ्वीराज सुकुमारन ने निर्देशित किया था और इसमें मोहनलाल मुख्य भूमिका में थे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।