दिल्ली विधानसभा में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चर्चा को लेकर हंगामा, क्या बोलीं नेता प्रतिपक्ष?
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (27 मार्च 2025); दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी मार्लेना ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विधानसभा में दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चर्चा तक नहीं करने दी गई। उन्होंने कहा कि जब AAP विधायकों ने इस मुद्दे पर चर्चा कराने का प्रस्ताव रखा, तो विधानसभा अध्यक्ष ने इसे ‘सदन का समय बर्बाद’ करना बता दिया और बहस की अनुमति नहीं दी। आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को संभालने में असफल रही है और अपनी नाकामी छुपाने का प्रयास कर रही है।
आतिशी ने विशेष रूप से दिल्ली में ड्रग्स की बढ़ती समस्या का मुद्दा उठाया और कहा कि यह राजधानी की सबसे गंभीर समस्याओं में से एक बन चुकी है। उन्होंने कहा, “आज छोटे-छोटे बच्चे ड्रग्स के शिकार हो रहे हैं, लेकिन सत्ता पक्ष इस पर चर्चा करने के लिए तैयार नहीं है।” AAP का आरोप है कि भाजपा न सिर्फ इस मुद्दे को हल करने में नाकाम रही है, बल्कि सदन में इसकी चर्चा भी नहीं होने दे रही है। LOP आतिशी ने यह भी सवाल उठाया कि अगर दिल्ली की कानून व्यवस्था राज्य सरकार के हाथ में नहीं है, तो फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और गृहमंत्री आशीष सूद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की बैठकों में क्यों शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा दिल्ली की कानून व्यवस्था पर नियंत्रण रखती है, तो उसे इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए।
AAP नेताओं ने सदन के भीतर भाजपा मंत्रियों पर “बदतमीजी करने और गाली–गलौज करने” का आरोप लगाया। आतिशी ने कहा कि जब AAP के विधायक जनता की समस्याओं को उठाते हैं, तो उन्हें सदन से बाहर निकाल दिया जाता है, लेकिन भाजपा नेताओं को खुली छूट दी जाती है। अंत में, विपक्ष की नेता ने कहा कि अगर दिल्ली के विधायक अपनी जनता की समस्याओं को सदन में नहीं उठा सकते, तो फिर कहां उठाएंगे? उन्होंने कहा कि AAP इस लड़ाई को जारी रखेगी और जनता के हक की आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।