’कहां से लाते हो भाई’, सदन में क्यों बोले दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (27 मार्च 2025): दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया जब मंत्री प्रवेश वर्मा ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए ‘भाई’ शब्द का इस्तेमाल किया। इस टिप्पणी पर नेता प्रतिपक्ष आतिशी समेत आम आदमी पार्टी (AAP) के कई विधायक भड़क उठे और सदन में जोरदार विरोध शुरू कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को हस्तक्षेप करना पड़ा और दो आप विधायकों रवि विशेष और कुलदीप कुमार को निलंबित कर दिया गया।

घटना उस समय हुई जब प्रवेश वर्मा ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना पर चर्चा के दौरान कहा कि पिछली सरकार ने इसके लिए 80 करोड़ रुपये का बजट रखा था, लेकिन पूरा पैसा सिर्फ प्रचार में खर्च हुआ। इस पर नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने आपत्ति जताई और उन्हें बीच में टोकना शुरू किया। इसी बीच, प्रवेश वर्मा ने मुस्कुराते हुए टिप्पणी की “कहां से लाए हो भाई?” बस इतना कहना था कि AAP विधायकों ने इसे गंभीर मुद्दा बना लिया और सदन में जोरदार हंगामा करने लगे। प्रवेश वर्मा बार-बार पूछते रहे कि “भाई” शब्द से आखिर क्या आपत्ति है? वहीं, स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने भी AAP विधायकों से यही सवाल किया कि यह शब्द कैसे असंसदीय हो सकता है? हालांकि, AAP इसे नेता प्रतिपक्ष आतिशी का अपमान बताने लगी और अपनी नाराजगी प्रकट करती रही। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई, जिसके बाद अध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो AAP विधायकों को सदन से निष्कासित कर दिया।

यह विवाद राजनीतिक रूप से गरमा गया है, क्योंकि भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच पहले से ही तनातनी जारी है। जहां भाजपा इस घटना को विपक्ष की बेवजह की राजनीति बता रही है, वहीं AAP इसे अपनी नेता का अपमान करार दे रही है। अब देखना होगा कि यह मामला आगे क्या मोड़ लेता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।