यूपी माफिया राज से मुक्त होकर आत्मनिर्भर और विकासशील राज्य बना: विधायक तेजपाल नागर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (26 मार्च 2025): उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के 8 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा के ईटा-1 में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें दादरी विधायक तेजपाल नागर ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 8 वर्षों में माफिया राज का अंत हुआ और उत्तर प्रदेश एक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और विकासशील राज्य के रूप में उभरा है।

विधायक ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश भाजपा सरकार के 8 वर्ष: सेवा, सुरक्षा और सुशासन का संकल्प। भाजपा सरकार निष्पक्ष, पारदर्शी और समर्पित शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। हम ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की नीति पर चलते हुए प्रदेश को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए संकल्पित हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की भलाई के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू किया है, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग को मिल रहा है। सरकार की नीतियों और ठोस कार्रवाई के कारण प्रदेश में निवेश का माहौल बना है, युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, बुनियादी ढांचे का विकास हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति को हर नागरिक तक पहुँचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता लगातार काम कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

दादरी विधायक तेजपाल नागर ने अंत में कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 8 वर्षों में प्रदेश को माफिया मुक्त, सुशासन युक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किए हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।