हाईकोर्ट जज के घर करोड़ों की बरामदगी, संजय सिंह बोले- “यह नोट नहीं, न्यायपालिका की साख जल रही है”

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (23 मार्च 2025): दिल्ली हाईकोर्ट के जज यशवंत वर्मा के घर से करोड़ों रुपये के नोटों के बंडल मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ नोटों के बंडल नहीं हैं, बल्कि न्यायपालिका की विश्वसनीयता जल रही है। उन्होंने इस मामले की गहराई से जांच की मांग करते हुए कहा कि जब तक जज अपने पद पर बने रहेंगे, तब तक निष्पक्ष जांच संभव नहीं होगी।

संजय सिंह ने कहा कि भारतीय न्यायपालिका को असीम अधिकार प्राप्त हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में कई फैसले सवालों के घेरे में आए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इसके पीछे पैसों के लेनदेन और भ्रष्टाचार का खेल हो सकता है। उन्होंने कहा कि जज के घर से मिले पैसों के मामले में दी गई सफाई हास्यास्पद है और इसे संसद में उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर किसी आम आदमी के घर से कुछ हज़ार रुपये भी बरामद होते हैं, तो सरकार उसे अपराधी घोषित कर देती है, लेकिन जब एक हाईकोर्ट के जज के घर से करोड़ों रुपये मिलते हैं, तो कोई सख्त कार्रवाई क्यों नहीं होती?

सांसद संजय सिंह ने कहा कि न्यायपालिका में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जज को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब हाईकोर्ट का एक मौजूदा जज खुद अपने पद पर बना रहेगा, तो कौन सी एजेंसी उसके खिलाफ निष्पक्ष जांच कर पाएगी? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले के तार एक बड़े रिटायर्ड जज से जुड़े हो सकते हैं और यह किसी केस के लेन-देन का मामला हो सकता है। आम आदमी पार्टी इस मामले को संसद में उठाने की तैयारी कर रही है। संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने सभापति से इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि यह कोई छोटा मामला नहीं है, बल्कि देश की न्यायपालिका की साख से जुड़ा हुआ है। इसका संज्ञान लेना बहुत जरूरी है, क्योंकि यह कोई साधारण भ्रष्टाचार का मामला नहीं है, बल्कि न्यायपालिका की निष्पक्षता पर गहरा सवाल खड़ा करता है। जजों के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच को लेकर कई पाबंदियां हैं, लेकिन यह मामला सबके सामने आ चुका है और अब इसे दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और जज से तत्काल इस्तीफा लिया जाए ताकि न्यायपालिका की विश्वसनीयता बनी रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।