New Delhi News (21 November 2026): दिल्ली के मायापुरी चौक पर शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में 20 से 22 साल के एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना 20 नवंबर की रात करीब 10:43 बजे राजौरी गार्डन थाने की पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। पुलिस ने जांच की तो युवक की मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी निवासी विशाल रॉय के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान करने में मदद मिली। घटनास्थल पर पुलिस को एक टूटा हुआ हेलमेट और कपड़ों से भरा बैग भी मिला। हालांकि, हादसे में शामिल कोई वाहन मौके पर मौजूद नहीं था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक अन्य कॉलर ने हादसे में ट्रक के शामिल होने की आशंका जताई है।
पुलिस अब कॉलर की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर संदिग्ध ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। हादसे के बाद वाहन के मौके से फरार होने की आशंका को देखते हुए पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। वहीं, मृतक के परिजनों को सूचना देने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। विशाल रॉय के शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
इस मामले में राजौरी गार्डन थाने में एफआईआर संख्या 628/26 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के साथ-साथ कथित तौर पर शामिल वाहन की तलाश कर रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।