कार से स्टंट करना पड़ा भारी, पुलिस ने युवक को वाहन समेत किया गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (23 मार्च 2025): आजकल सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए युवा तरह-तरह के जोखिम भरे स्टंट करने से नहीं चूकते। खासकर, कार और बाइक से खतरनाक स्टंट कर वीडियो वायरल करना एक ट्रेंड बन गया है। इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा से एक ऐसा मामला सामने आया, जहां स्टंटबाजी का शौक एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने आरोपी को उसकी कार समेत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

घटना 21 मार्च की है, जब थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के अंतर्गत शारदा गोलचक्कर के पास एक युवक कार से खतरनाक स्टंट कर रहा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे देखकर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और मामले में कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर कार की पहचान की, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर डीएल 4 सीबीडी 4353 था। जांच में पता चला कि वाहन का चालक वैभव भारद्वाज है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को कार समेत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि इस तरह के स्टंट न सिर्फ कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरनाक साबित हो सकते हैं। इस मामले में वैभव भारद्वाज के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे जोखिम भरे स्टंट करने से बचें और यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।