दिल्ली में अधिकारियों की मनमानी!, विधानसभा स्पीकर ने मुख्य सचिव को लिखा पत्र
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (20 मार्च 2025): दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने अधिकारियों द्वारा विधायकों की शिकायतों की अनदेखी को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने मुख्य सचिव धर्मेंद्र कुमार को पत्र लिखकर इस मुद्दे को गंभीरता से लेने का आग्रह किया है। गुप्ता ने पत्र में कहा कि दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस और डीडीए सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी विधानसभा सदस्यों के पत्रों, फोन कॉलों और संदेशों का जवाब तक नहीं दे रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए नुकसानदायक बताते हुए अधिकारियों को इस मामले में संवेदनशील बनाने की आवश्यकता पर बल दिया है।
स्पीकर ने अपने पत्र में लिखा कि जनप्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों के बीच संवाद का सुचारू रूप से चलना बेहद जरूरी है, ताकि जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से हल किया जा सके। लेकिन हाल के दिनों में कई विधायकों ने शिकायत की है कि उनके पत्रों और फोन कॉल्स को नजरअंदाज किया जा रहा है। यह स्थिति प्रशासनिक सुचारू संचालन में बाधा डाल सकती है और जनहित के कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
गुप्ता ने इस मामले को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही करार देते हुए कहा कि अधिकारियों को भारत सरकार के कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग तथा दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन निर्देशों को दोहराने और सभी अधिकारियों को याद दिलाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विधायकों की अनदेखी, जनता की अनदेखी के समान है, जिसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने मुख्य सचिव से कहा कि दिल्ली सरकार के सभी प्रशासनिक सचिवों, विभाग प्रमुखों, दिल्ली पुलिस और डीडीए को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि वे विधायकों के पत्रों और संदेशों का गंभीरता से जवाब दें। यह भी कहा कि इस संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी जल्द से जल्द विधानसभा को सौंपी जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि भविष्य में इस तरह की समस्याएं उत्पन्न न हों।
इस पूरे मामले को लेकर विधानसभा के अन्य सदस्य भी असंतोष जता रहे हैं और जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं। विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता का यह पत्र प्रशासनिक अधिकारियों को उनके कर्तव्यों की याद दिलाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।