किसान आंदोलन: जेल में किसानों की भूख हड़ताल की बात बेबुनियाद, जेलर ने जारी किया बयान
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (8 दिसंबर 2024): गौतमबुद्ध नगर में चल रहे किसानों के आंदोलन के बीच कुछ गिरफ्तार किसानों द्वारा जेल में भूख हड़ताल करने की अफवाह ने सोशल मीडिया और स्थानीय पत्रकारों के माध्यम से तेजी से तूल पकड़ लिया। हालांकि, जिला कारागार गौतम बुद्ध नगर के जेलर राजीव कुमार सिंह ने इन दावों को पूरी तरह से खारिज करते हुए इसे प्रशासन के खिलाफ साजिश करार दिया।
जेल प्रशासन द्वारा जारी किए गए एक वीडियो बयान में जेलर राजीव कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किसानों के स्वास्थ्य और खान-पान की पूरी निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा, कुछ समाचार पत्रों और पत्रकारों द्वारा यह दावा किया गया है कि जेल में किसानों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। यह पूरी तरह से निराधार है, जेल में सभी किसान समय पर खाना/नाश्ता , भोजन कर रहे हैं। सभी लोग स्वस्थ हैं।
जेलर सिंह ने इन अफवाहों को प्रशासन के खिलाफ जनता में गलत भावना फैलाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन के बीच ऐसी भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं, ताकि आंदोलन को और उग्र बनाया जा सके। उनका कहना है कि जेल प्रशासन पूरी ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन कर रहा है और सभी बंदियों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
जेल प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिला कारागार में बंद किसानों के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया जा रहा है और उनकी हर जरूरत का ख्याल रखा जा रहा है।
गौतम बुद्ध नगर में किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कई किसानों को गिरफ्तार किया गया है। आंदोलन को लेकर पहले ही जिले में तनाव का माहौल है, और ऐसे में भ्रामक खबरें प्रशासन के लिए नई चुनौतियां पैदा कर रही हैं। जेलर राजीव कुमार सिंह ने मीडिया से अपील की कि वे सही और तथ्यात्मक खबरें प्रकाशित करें और जनता को गुमराह न करें। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि वे किसानों के आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।