गौतमबुद्ध नगर में होली के दिन शराब बिक्री पर प्रतिबंध, सख्त गाइडलाइन जारी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (13 मार्च 2025): गौतमबुद्ध नगर (नोएडा और ग्रेटर नोएडा) में होली के त्योहार के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 14 मार्च को शराब की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। इस फैसले से शराब के शौकीनों के लिए बुरी खबर आई है, क्योंकि इस दिन जिले के सभी शराब की दुकानें और ठेके बंद रहेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइनों के मुताबिक, 14 मार्च को होली के दिन जिले में शराब, बीयर, देशी और विदेशी मदिरा, भांग सहित सभी प्रकार की शराब की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा प्रीमियम रिटेल वेंड, मॉडल शॉप, बार, सैन्य कैंटीन और अर्द्ध सैनिक कैंटीन समेत सभी शराब की दुकानों को बंद रखा जाएगा। इस आदेश का उद्देश्य होली के मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखना है।

गौतमबुद्ध नगर के जिला मजिस्ट्रेट, मनीष कुमार वर्मा ने बुधवार को आदेश जारी करते हुए कहा कि होली के दिन यदि कोई दुकान शराब बेचती हुई पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने इस प्रतिबंध को शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक बताया है।

होली के अवसर पर जश्न मनाने और हुड़दंग करने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने पहले ही सख्त चेतावनी दी है कि इस दिन सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। पुलिस ने अपील की है कि वाहन चालकों को तेज गति से वाहन नहीं चलाने, शराब पीकर गाड़ी न चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग करने, दोपहिया पर तीन सवारियों को न बैठाने और नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकने की सलाह दी है।

इस बीच, होली के रंगों के साथ इस उत्सव की शुरुआत पहले से ही कई शहरों में हो चुकी है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तीन दिन पहले से ही होली मिलन समारोहों का आयोजन शुरू हो गया था। लोग ढोल नगाड़ों की थाप पर थिरकते हुए एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दे रहे थे। ऐसे में जिला प्रशासन का यह कदम होली के दौरान शांति बनाए रखने की दिशा में एक जरूरी कदम माना जा रहा है।

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने होलिका दहन और होली के दिन के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों में सड़क यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर गाड़ी न चलाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। गौतमबुद्ध नगर प्रशासन और पुलिस की यह सख्त गाइडलाइन्स और कदम होली के मौके पर शांति व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।