दिल्ली सरकार के बजट पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की दिल्ली सचिवालय में अहम बैठक
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (07 मार्च 2025): दिल्ली सचिवालय में शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आगामी दिल्ली सरकार के बजट को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य एवं आपूर्ति, वन एवं पर्यावरण, तथा उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस चर्चा का उद्देश्य राजधानी के सतत विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रभावी योजनाओं को अंतिम रूप देना था।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की और कहा कि उनकी प्रेरणा से दिल्ली को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बजट योजनाओं में पारदर्शिता और प्रभावशीलता को प्राथमिकता दी जाए, ताकि जनता को अधिकतम लाभ मिल सके। बैठक में आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और आवश्यक वस्तुओं की सुगम उपलब्धता पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
दिल्ली को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में भी कई अहम फैसले लिए गए। वन एवं पर्यावरण विभाग को निर्देश दिए गए कि राजधानी में अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित किए जाएं और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ठोस उपाय किए जाएं। इसके अलावा, उद्योग विभाग को दिल्ली में ईको-फ्रेंडली औद्योगिक क्षेत्रों को बढ़ावा देने और प्रदूषण नियंत्रण उपायों को सख्ती से लागू करने के लिए निर्देशित किया गया।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि हर नागरिक को साफ़ हवा और बेहतर जीवन मिले, इसके लिए सरकार पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग गरीब और जरूरतमंद लोगों तक राशन व अन्य आवश्यक वस्तुओं की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करे। सरकार द्वारा डिजिटल तकनीकों और पारदर्शी निगरानी प्रणाली का उपयोग करके इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के विकास की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी बजट दिल्ली के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और जनता के जीवन स्तर में सुधार लाने में सहायक होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने का आह्वान किया, ताकि दिल्ली को एक आदर्श और आधुनिक शहर बनाया जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।