शेयर बाजार में निवेश के बहाने 23 लाख की ठगी: व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए बनाया शिकार

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (8 दिसंबर 2024): साइबर ठगों ने शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक इंजीनियर से 23 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने इस धोखाधड़ी की शिकायत नोएडा साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रमोद कडप्पा शिंदे, जोकि नोएडा के बीटा 2 थाना क्षेत्र स्थित डब्ल्यूएचओ टाउनशिप में रहते हैं, ने बताया कि उन्हें कुछ समय पहले एक अनजान नंबर से एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। इस ग्रुप में शेयर बाजार और ट्रेडिंग से संबंधित जानकारियां साझा की जा रही थीं। ग्रुप का एक सदस्य नियमित रूप से निवेश के लिए सलाह देता था और मोटा मुनाफा कमाने के दावे करता था। ग्रुप के अन्य सदस्यों द्वारा बार-बार मुनाफे के स्क्रीनशॉट शेयर किए जाते थे, जिससे प्रमोद को ग्रुप की गतिविधियों पर भरोसा होने लगा। शुरुआती दिनों में उन्होंने ग्रुप को केवल देखा और समझने की कोशिश की।

प्रमोद ने पहले थोड़ी रकम निवेश की, जिससे उन्हें मुनाफा हुआ। यह देखकर उनका विश्वास और बढ़ गया। ठगों ने उन्हें एक विशेष एप डाउनलोड करने को कहा, जिसमें उनके निवेश की रकम और मुनाफे को दर्शाया गया। एप पर उनकी रकम को बढ़ते हुए दिखाकर उन्हें लगातार और निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।प्रमोद ने कई किस्तों में कुल 23,71,740 रुपये निवेश कर दिए। जब उन्होंने अपने पैसे वापस निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने और पैसे निवेश करने का दबाव बनाया।

जब प्रमोद ने और पैसे देने से इनकार किया, तो जालसाजों ने उनसे संपर्क समाप्त कर दिया और उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप से भी हटा दिया। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि जो लोग मुनाफे के स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे थे, वे भी ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य थे। प्रमोद ने अपनी शिकायत साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना एक बार फिर साइबर ठगों की बढ़ती सक्रियता की ओर इशारा करती है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अनजान व्हाट्सएप ग्रुपों या अन्य प्लेटफार्मों पर निवेश संबंधी सुझावों पर भरोसा न करें और किसी भी वित्तीय लेनदेन से पहले उसकी जांच-पड़ताल करें।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।