ग्रेटर नोएडा (4 मार्च 2025): सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के डेल्टा-1 सेक्टर में एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह घटना उस समय हुई जब मकान में रहने वाला परिवार नैनीताल घूमने गया था। वापस लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर अलमारी में रखे करीब 20 लाख रुपये के गहने और 20 हजार रुपये नकद ले उड़े।
प्रभाकर मिश्रा, जो मूल रूप से वाराणसी के शिवपुर के निवासी हैं, ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 सेक्टर में एफ-ब्लॉक के मकान नंबर 502 में अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। शनिवार को वे परिवार सहित नैनीताल घूमने गए थे। जब वे सोमवार शाम को लौटे, तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान पूरी तरह बिखरा हुआ था। चोरी की सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को खबर दी।
मकान फिरोज खान नामक व्यक्ति का है, और इसके ऊपर भी कुछ अन्य किराएदार रहते हैं, लेकिन किसी को भी चोरी की भनक नहीं लगी। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों का मानना है कि चोर पहले से रेकी कर रहे थे और सुनिश्चित करने के बाद ही चोरी की घटना को अंजाम दिया। क्षेत्र के निवासियों ने इस चोरी की घटना पर नाराजगी जताई और पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।
यह पहली बार नहीं है जब इस इलाके में चोरी की वारदात हुई है। त्योहारों के नजदीक आते ही चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का दावा कर रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।