बसपा सुप्रीमो मायावती ने आकाश आनंद को दिखाया पार्टी से बाहर का रास्ता

टेन न्यूज नेटवर्क

लखनऊ (03 मार्च 2025): बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने सोमवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए आकाश आनंद को पार्टी से निष्कासित कर दिया। मायावती ने कहा कि आकाश आनंद पार्टी के हितों के बजाय अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में लगातार काम कर रहे थे, जो पहले ही बसपा से निष्कासित किए जा चुके हैं। इसी कारण उन्हें नेशनल कोऑर्डिनेटर सहित सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करने और राजनीतिक परिपक्वता दिखाने के बजाय अहंकारी और स्वार्थी रवैया अपनाया।

ससुर के प्रभाव में थे आकाश आनंद

बसपा प्रमुख ने कहा कि आकाश आनंद को अपने फैसलों पर पछतावा दिखाना चाहिए था, लेकिन उन्होंने पार्टी के अनुशासन को तोड़ते हुए ऐसा बयान दिया, जो पार्टी हित के विपरीत था। मायावती ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह बयान आकाश आनंद की राजनीतिक अपरिपक्वता और उनके ससुर के प्रभाव को दर्शाता है। बसपा में हमेशा अनुशासन और पार्टी के सिद्धांतों को सर्वोच्च रखा गया है, और इसी परंपरा के तहत यह कड़ा निर्णय लिया गया है।

पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासन

मायावती ने कहा कि बसपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आत्म-सम्मान और स्वाभिमान मूवमेंट का एक हिस्सा है। इसे आगे बढ़ाने के लिए अनुशासन और प्रतिबद्धता की जरूरत होती है। कांशीराम जी द्वारा स्थापित अनुशासन की परंपरा का पालन करते हुए, आकाश आनंद को भी उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ की तरह पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

भविष्य की रणनीति पर नजर

इस फैसले के बाद बसपा में आगामी चुनावी रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि बसपा अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। इस निष्कासन के बाद पार्टी अब नए नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़ने की दिशा में काम करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।