पुष्पोत्सव 2025 में लेजर शो बना मुख्य आकर्षण | ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (01 मार्च 2025): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (Greater Noida Authority) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पुष्पोत्सव 2025 (Flower Festival 2025) का सम्राट मिहिर भोज पार्क (सिटी पार्क) में भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ 28 फरवरी को हुआ था, और शनिवार, 1 मार्च को इसके दूसरे दिन भारी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति ने इस आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूलों के अलावा आकर्षक पुष्प डिज़ाइन, लैंडस्केपिंग, बच्चों की फूलों से सजी फैशन प्रदर्शनी, साइंस मॉडल प्रदर्शन, संगीत एवं नृत्य कार्यक्रमों ने लोगों का दिल जीत लिया।

इस आयोजन का मुख्य आकर्षण शाम 7 से 9 बजे तक आयोजित लेजर लाइट एंड साउंड शो रहा, जिसमें लेजर लाइट व ध्वनि के माध्यम से गौतम बुद्ध नगर का गौरवशाली इतिहास जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। शो में बताया गया कि यह भूमि प्राचीन काल से ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध रही है। त्रेता युग में यह क्षेत्र रामायण काल से जुड़ा रहा, जहां बिसरख गांव को रावण के जन्मस्थान के रूप में जाना जाता है। वहीं, महाभारत काल में दनकौर गांव स्थित गुरु द्रोणाचार्य के आश्रम में कौरव और पांडवों ने अस्त्र-शस्त्र की शिक्षा प्राप्त की थी। आधुनिक ग्रेटर नोएडा का विकास इसी ऐतिहासिक धरती पर हुआ, जिसे 1980 के दशक में दिल्ली की बढ़ती आबादी के समाधान हेतु योजनाबद्ध तरीके से बसाया गया। 1990 के दशक में उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे औद्योगिक और शैक्षणिक हब के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया और वर्तमान में यह 760 वर्ग किलोमीटर में फैला एक सुव्यवस्थित शहर है, जिसमें 240 गांव शामिल हैं।

आज ग्रेटर नोएडा देश के प्रमुख औद्योगिक और शैक्षिक केंद्रों में से एक बन चुका है। यहां स्थित गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी और गवर्नमेंट इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (GIMS) जैसे संस्थान युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के अवसर प्रदान कर रहे हैं। इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप ग्रेटर नोएडा लिमिटेड (IITGNL) और इंडियन एक्सपो मार्ट औद्योगिक विकास की मिसाल हैं। खेलों के क्षेत्र में भी यह शहर अपनी पहचान बना चुका है, जहां बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट और शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन करवा रहे हैं।

बेहतरीन सड़क नेटवर्क, मेट्रो कनेक्टिविटी, निर्माणाधीन जेवर एयरपोर्ट और नोएडा के साथ उत्कृष्ट संपर्क ने ग्रेटर नोएडा को देश के अग्रणी शहरों में शामिल कर दिया है। ग्रीन सिटी पहल के तहत पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। सम्राट मिहिर भोज पार्क, ग्रीन बेल्ट, और तालाबों का सौंदर्यीकरण सतत विकास का उदाहरण प्रस्तुत करता है। सूरजपुर वेटलैंड, जिसे एक अर्बन वेटलैंड के रूप में विकसित किया गया है, यहां 186 प्रजातियों के पक्षी पाए जाते हैं, जिनमें 84 प्रवासी पक्षी शामिल हैं।

भविष्य की योजनाओं की बात करें तो ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) सतत विकास के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। वेस्ट टू वंडर पार्क, वेस्ट टू बायो-CNG प्लांट, और आयुर्वेद पार्क जैसे प्रोजेक्ट पर्यावरण के अनुकूल होंगे। कचरे के पुनर्चक्रण से उपयोगी संसाधन बनाए जाएंगे और ग्रीन सिटी मिशन के तहत जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा।

पुष्पोत्सव 2025 की थीम गेंदा फूल (मैरीगोल्ड) रखी गई है, जो सूर्य की शक्ति, प्रकाश और प्रगति का प्रतीक माना जाता है। भारतीय संस्कृति में गेंदा आशा, प्रेम, सफलता और पवित्रता का प्रतीक है। इसे पूजा-पाठ, सजावट और उत्सवों में विशेष रूप से उपयोग किया जाता है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देशन में एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस (ACEO Sri Lakshmi VS) के मार्गदर्शन में उद्यानिकी विभाग और प्राधिकरण की टीम के अथक प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।

एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा, “पुष्पोत्सव 2025 न केवल फूलों की सुंदरता को दर्शाता है, बल्कि यह हमें प्रकृति से जुड़ने और इसे संरक्षित करने का संदेश भी देता है। हमें अपनी धरती को और सुंदर बनाना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस भीनी खुशबू में सांस ले सकें।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।