आतिशी ने स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को लिखा पत्र, किस बात का विशेष उल्लेख?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (28 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा में हाल ही में हुए घटनाक्रम को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर विपक्षी विधायकों के निलंबन और लोकतांत्रिक मूल्यों के उल्लंघन पर चिंता जाहिर की है।

आतिशी ने अपने पत्र में लिखा कि 25 फरवरी 2025 को उपराज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सत्ता पक्ष के विधायकों ने “मोदी-मोदी” और “जय श्री राम” के नारे लगाए, लेकिन जब विपक्ष ने विरोध में “जय भीम” के नारे लगाए, तो 21 विधायकों को तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं पर हमला करार दिया और कहा कि यह केवल विपक्ष के साथ अन्याय नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मूल भावनाओं पर भी आघात है।

आतिशी ने यह भी आरोप लगाया कि 26 फरवरी को जब निलंबित विधायक विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी और डॉ. बी. आर. अंबेडकर की प्रतिमा के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, तो उन्हें जबरन 200 मीटर पहले ही रोक दिया गया। यहां तक कि उन्हें गांधी और अंबेडकर की प्रतिमा तक भी नहीं जाने दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विधायकों को सदन के अंदर और बाहर अपनी बात रखने से रोका जाएगा, तो लोकतंत्र कैसे बचेगा?

आतिशी ने विधानसभा अध्यक्ष से अपील की कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और विपक्षी विधायकों को उनके संवैधानिक अधिकारों का सम्मान दिया जाए। उन्होंने कहा कि अगर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाया जाएगा, तो यह संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ होगा।

AAP नेता के इस पत्र के बाद सियासी गलियारों में हलचल मच गई है। अब देखना यह होगा कि विधानसभा अध्यक्ष इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं और क्या विपक्षी विधायकों का निलंबन वापस लिया जाएगा या नहीं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।