दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर उच्चस्तरीय बैठक, CM रेखा गुप्ता और पुलिस कमिश्नर होंगे शामिल
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (28 फरवरी 2025): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज गृह मंत्रालय के नॉर्थ ब्लॉक कार्यालय में सुबह 11 बजे एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में दिल्ली की नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गृह मंत्री आशीष सूद और दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक का उद्देश्य हाल ही में दिल्ली में हुई अपराध घटनाओं, सुरक्षा चुनौतियों और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उपायों की समीक्षा करना है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में बढ़ते अपराध, महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध और ट्रैफिक मैनेजमेंट जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा होगी। अमित शाह देशभर में सुरक्षा हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और दिल्ली जैसे संवेदनशील क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से सक्रिय हैं। राजधानी में हाल के दिनों में स्नैचिंग, महिलाओं के खिलाफ अपराध और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में वृद्धि हुई है, जिसे देखते हुए यह बैठक अहम मानी जा रही है।
बैठक में दिल्ली पुलिस के संसाधनों को बढ़ाने, नई टेक्नोलॉजी अपनाने और अपराध नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर चर्चा होगी। यह बैठक न केवल सुरक्षा बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। दिल्ली की कानून व्यवस्था का सीधा नियंत्रण केंद्र सरकार के पास होता है, जबकि राज्य सरकार इसकी प्रशासनिक देखरेख करती है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस बैठक में पहली बार भाग लेंगी। उनके साथ दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद भी होंगे।
अक्सर दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीच कानून व्यवस्था को लेकर मतभेद सामने आते रहे हैं। ऐसे में पहली बार केंद्र और राज्य में बीजेपी की ही सरकार है तो अमित शाह और रेखा गुप्ता के बीच कानून व्यवस्था को लेकर सहमति बनेगी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए जाने की बात हो सकती है।
बैठक में दिल्ली पुलिस की नई भर्तियों, गश्त बढ़ाने, अपराधियों पर कार्रवाई तेज करने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त उपायों पर चर्चा होगी। साथ ही, दिल्ली में हाई-टेक सर्विलांस सिस्टम, ट्रैफिक कंट्रोल, ड्रग माफिया के खिलाफ अभियान और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए नई रणनीति अपनाने पर जोर दिया जाएगा। गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने संकेत दिया है कि बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित पुलिसिंग, फेस रिकग्निशन सिस्टम और ड्रोन सर्विलांस जैसी नई तकनीकों को दिल्ली पुलिस में शामिल करने पर भी चर्चा होगी।
इस बैठक से क्या दिल्ली की सुरक्षा रणनीति में बड़ा बदलाव आएगा, या फिर यह सिर्फ एक औपचारिक समीक्षा बनकर रह जाएगी, यह जल्द ही साफ हो जाएगा। अब सबकी नजर इस बैठक के फैसलों पर है, जो दिल्ली की कानून व्यवस्था में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।