Innovative Institute of Law में संविधान दिवस पर यूथ पार्लियामेंट, बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर हुई बहस
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (25/11/2026): ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 स्थित इनोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के इनोवेटिव इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में संविधान दिवस के अवसर पर कॉन्स्टिट्यूशन वीक का आयोजन किया गया। 25 से 28 नवंबर तक आयोजित इस चार दिवसीय कार्यक्रम में यूथ पार्लियामेंट और इंटरनल मूट कोर्ट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही हैं। इसमें बीकॉम एलएलबी, एलएलबी और बीए एलएलबी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यूथ पार्लियामेंट के दौरान बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने के मुद्दे पर विशेष चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने इस विषय पर अपने विचार रखे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत विभिन्न पक्षों को समझने का प्रयास किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डायरेक्टर (एकेडमिक्स) डॉ. तितिक्षा शर्मा और विशिष्ट अतिथि के रूप में टेन न्यूज नेटवर्क के संस्थापक गजानन माली शामिल हुए। इस अवसर पर डायरेक्टर (फाइनेंस) उषा शर्मा भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टेन न्यूज नेटवर्क के संस्थापक गजानन माली ने सबसे पहले इनोवेटिव ग्रुप के चेयरमैन प्रोफेसर के.आर. शर्मा और उषा शर्मा के विजन की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने संसदीय अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें लोकसभा सचिवालय और राज्यसभा सचिवालय में कार्य करने का अवसर मिला है। इसके अलावा, वे एक संसदीय स्थायी समिति के चेयरमैन के निजी सचिव के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को संसद की कार्यप्रणाली और भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार की नीतियों और योजनाओं की आलोचना करने का पूरा अधिकार है, लेकिन आलोचना तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए और उसमें सकारात्मक सुझाव भी शामिल होने चाहिए।

गजानन माली ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या विचारधारा से ऊपर देश का विकास होना चाहिए। नागरिकों को यह समझना जरूरी है कि कौन-सा नेतृत्व देश को विकास की दिशा में आगे ले जाने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने और असहमति दर्ज कराने के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। किसी प्रक्रिया या निर्णय पर आपत्ति होने की स्थिति में न्यायपालिका का दरवाजा भी खटखटाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की।
संसद की कार्यप्रणाली पर चर्चा करते हुए उन्होंने संसदीय समितियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही विभागीय स्थायी समितियों, लोक लेखा समिति और अन्य संसदीय समितियों की बैठकों को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए उनकी कार्यवाही का सीधा प्रसारण करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे आम नागरिकों को यह जानने का अवसर मिलेगा कि जनप्रतिनिधि विभिन्न मुद्दों पर किस तरह चर्चा करते हैं और सरकार से क्या सवाल पूछते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने और देश की राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों से अपडेट रहने की सलाह दी। उनके अनुसार, एक जागरूक नागरिक बनने के लिए केंद्र, राज्य और स्थानीय स्तर पर सरकारों की व्यवस्था तथा उनकी जिम्मेदारियों को समझना बेहद जरूरी है।

संविधान और कानून के प्रति जागरूक करना आयोजन का उद्देश्य
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में डॉ. जसपाल सिंह, डायरेक्टर (एडमिशंस) ने बताया कि इनोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की ओर से 25 से 28 नवंबर तक कॉन्स्टिट्यूशन वीक मनाया जा रहा है। इसमें बीकॉम एलएलबी, एलएलबी और बीए एलएलबी के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान और कानून के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के समापन सत्र में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को कानून एवं न्याय व्यवस्था को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
वहीं, टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में डॉ. मृत्युंजय पांडे, प्रोफेसर (लॉ) ने बताया कि कॉन्स्टिट्यूशन वीक का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल कानून की जानकारी देना नहीं, बल्कि उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक जिम्मेदारियों की समझ विकसित करना भी है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को यह सिखाया जा रहा है कि यदि कोई उनके विचारों की आलोचना करता है, तो उन्हें धैर्यपूर्वक उसकी बात सुननी चाहिए और तथ्यों के आधार पर जवाब देना चाहिए। इससे उनमें सहिष्णुता, तार्किक सोच और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य में देश के विकास में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।