CITU के संसद मार्च में शामिल होंगे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के साप्ताहिक बाजार के दुकानदार

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (25/11/2026): केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ 1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली में आयोजित होने वाले संसद मार्च को सफल बनाने के लिए सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को यूसुफपुर चक साहबेरी स्थित साप्ताहिक बाजार में दुकानदारों की आम सभा आयोजित की गई। इसमें बाजार के दुकानदारों ने एकजुट होकर संसद मार्च में शामिल होने का संकल्प लिया।

सभा को संबोधित करते हुए सीटू के जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा और नरेंद्र पांडे ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर यह संसद मार्च महत्वपूर्ण है। उन्होंने मजदूरों के लिए सम्मानजनक न्यूनतम वेतन लागू करने, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, आठ घंटे की कार्य अवधि सुनिश्चित करने, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान करने और महिला-पुरुष कामगारों को समान वेतन देने की मांग उठाई।

वक्ताओं ने महिला कामगारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कार्यस्थलों पर क्रेच (शिशु देखभाल केंद्र) की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-पटरी लगाने वाले दुकानदारों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाने की कार्रवाई बंद होनी चाहिए। साथ ही वर्ष 2014 के पथ विक्रेता कानून के तहत सभी पात्र दुकानदारों को वेंडिंग लाइसेंस दिए जाने की मांग की।

इसके अलावा भवन निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया सरल बनाने तथा उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। वक्ताओं ने टेंपो और ई-रिक्शा चालकों, घरेलू कामगारों सहित असंगठित क्षेत्र के अन्य श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक आय सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने मजदूर विरोधी लेबर कोड रद्द करने की मांग भी दोहराई।

सभा के अंत में दुकानदारों और कामगारों से 1 दिसंबर को सुबह 10 बजे नई दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचने की अपील की गई, ताकि वे 1 से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित संसद मार्च में भाग लेकर मजदूरों और कामगारों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा सकें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।