दिल्ली में ई-रिक्शा से लूट करने वाले परिवार का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (25 November 2026): पूर्वी दिल्ली में ई-रिक्शा के जरिए यात्रियों को लूटने वाले एक गिरोह का न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस गिरोह की खास बात यह थी कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए ई-रिक्शा में अपनी पत्नी, मां और बच्चों को भी साथ बैठाकर चलते थे, ताकि यात्रियों को किसी तरह का शक न हो। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर चाकू की नोक पर लूटपाट करते थे। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जुबैर (22), नजरे आलम (22), मुस्कान (23) और इशरत (50) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर की रात करीब 10:59 बजे राजेश कुमार नाम के व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि ई-रिक्शा सवार लोगों ने चाकू दिखाकर उनसे पांच हजार रुपये लूट लिए हैं। जांच में सामने आया कि राजेश रात करीब 10:30 बजे नोएडा टी-प्वाइंट से आनंद विहार बस टर्मिनल जाने के लिए डीएल7ईआर नंबर के ई-रिक्शा में सवार हुए थे। उस समय ई-रिक्शा में पहले से ही दो महिलाएं और दो बच्चे बैठे हुए थे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन कुछ दूर चलने के बाद चालक ने वारदात की साजिश को अंजाम देना शुरू कर दिया।

आरोप है कि ई-रिक्शा चालक ने पत्नी और बच्चों को घर छोड़ने का बहाना बनाकर वाहन को धर्मशिला अस्पताल की तरफ मोड़ दिया। इसके बाद राजेश कुमार को धर्मशिला पुल के पास एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया। वहां चाकू की नोक पर उनसे पांच हजार रुपये, आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड लूट लिए गए। इस दौरान ई-रिक्शा में मौजूद दोनों महिलाओं ने भी पीड़ित को डराया और विरोध नहीं करने दिया। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर न्यू अशोक नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

डीसीपी राजीव कुमार के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस ने ई-रिक्शा के पंजीकृत मालिक अंसार से पूछताछ की तो पता चला कि वाहन उसका बेटा जुबैर चलाता है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर 20 नवंबर को तुर्कमान गेट से जुबैर को गिरफ्तार किया। इसके अगले दिन नजरे आलम को लाजपत नगर अंडरपास के पास से पकड़ा गया। बाद में पुलिस ने लाजपत नगर इलाके से मुस्कान और इशरत को भी गिरफ्तार कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में लाल स्वेटर पहने एक युवक और नीले सूट में एक महिला दिखाई दिए थे, जिनके कपड़े गिरफ्तारी के समय आरोपियों के कपड़ों से मेल खाते पाए गए।

पुलिस ने जुबैर की निशानदेही पर कल्याणपुरी स्थित एक मकान से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, पीड़ित का आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और 710 रुपये बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि जुबैर और नजरे आलम पहले भी सनलाइट कॉलोनी थाने में दर्ज लूट के एक मामले में शामिल रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों में शामिल होने की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह ने ई-रिक्शा में यात्रियों को निशाना बनाकर कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।