UP Election 2027: सपा-कांग्रेस गठबंधन में दरार? दिल्ली में बातचीत और सहारनपुर में तकरार!
रंजन अभिषेक, टेन न्यूज़ नेटवर्क
Uttar Pradesh News (25 November 2026): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश में सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनावी बिगुल बजने से पहले ही तमाम राजनीतिक दल अपनी रणनीति तैयार करने और चुनावी समीकरण साधने में जुट गए हैं। सभी पार्टियां पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं। इस बीच कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चल रही बातचीत भी राजनीतिक चर्चा का केंद्र बनी हुई है। हालांकि, समाजवादी पार्टी के एक हालिया फैसले के बाद दोनों दलों के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि क्या उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस का गठबंधन अब भी संभव है?
दरअसल, एक तरफ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव के आवास पर सपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच बातचीत चल रही है। इस बैठक में सीट शेयरिंग के फॉर्मूले से लेकर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तक पर चर्चा हो रही है। वहीं, दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया। सपा के इस फैसले के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, क्योंकि घोषित पांच उम्मीदवारों में से दो सीटें कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के लोकसभा क्षेत्र सहारनपुर के अंतर्गत आती हैं।
सपा के इस कदम को लेकर जब कांग्रेस सांसद इमरान मसूद से मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह कहीं से भी गंभीरता नहीं है। जब एक तरफ गंभीरता से बातचीत चल रही थी तो पता नहीं उन्हें किस बात की जल्दी थी और उन्होंने ऐसा क्यों किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी तरफ से ईमानदारी से प्रयास कर रही है, लेकिन अब जिस तरह की स्थिति बन गई है, उसमें आगे दोनों दल साथ बैठ पाएंगे या नहीं, यह भी एक सवाल है।
इमरान मसूद के इस बयान के बाद सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावनाओं को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन उम्मीदवारों की घोषणा और उस पर कांग्रेस की नाराजगी ने गठबंधन की राह को मुश्किल बना दिया है। चुनाव से पहले ही दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सामने आ रही खींचतान विपक्षी एकता के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।
सहारनपुर की दो सीटों पर सपा ने उतारे उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी ने जिन पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सीटें बेहट और सहारनपुर शामिल हैं। बेहट विधानसभा सीट से अमर अली खान को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि सहारनपुर विधानसभा सीट से आशु मलिक को मैदान में उतारा गया है।
इसके अलावा सपा ने कैराना विधानसभा सीट से नाहिद हसन, अमरोहा विधानसभा सीट से महबूब अली और ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को उम्मीदवार घोषित किया है।
फिलहाल, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी बातचीत के बीच उम्मीदवारों की घोषणा ने राजनीतिक समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है। अब देखना होगा कि इमरान मसूद की नाराजगी और सपा के इस फैसले के बावजूद दोनों दल गठबंधन की दिशा में आगे बढ़ते हैं या फिर चुनाव से पहले ही दोनों की राहें अलग हो जाती हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।