बॉटनिकल गार्डन बस टर्मिनल का होगा कायाकल्प, 9.45 करोड़ से बनेंगे 4 EV चार्जिंग स्टेशन
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (25/11/2026): शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बढ़ावा देने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने नई योजना तैयार की है। सेक्टर-38ए स्थित बॉटनिकल गार्डन बस टर्मिनल को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाएगा। इसके तहत परिसर में चार इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। साथ ही टर्मिनल की बाहरी दीवारों पर आकर्षक फसाड लाइट लगाई जाएंगी और यात्रियों की जानकारी के लिए एलईडी स्क्रीन भी स्थापित होंगी। इस पूरी परियोजना पर करीब 9.45 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बॉटनिकल गार्डन बस टर्मिनल नोएडा के प्रमुख परिवहन केंद्रों में शामिल है। यहां से शहर के विभिन्न सेक्टरों के अलावा दिल्ली और दूसरे शहरों के लिए भी बसों का संचालन होता है। ऐसे में यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही रहती है। चार्जिंग स्टेशन तैयार होने के बाद इलेक्ट्रिक बसों को टर्मिनल परिसर में ही चार्ज किया जा सकेगा। इससे बसों के संचालन और चार्जिंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। वहीं, एलईडी स्क्रीन के माध्यम से यात्रियों को जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराने की योजना है।
3 दिसंबर तक जमा होंगे टेंडर, 4 दिसंबर को खुलेगा
परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने चार्जिंग स्टेशन, फसाड लाइट, एलईडी स्क्रीन और विद्युत संबंधी कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक निर्माण एजेंसियां 3 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगी, जबकि 4 दिसंबर को टेंडर खोले जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत कम से कम तीन एजेंसियों की भागीदारी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रैप के चलते फिलहाल रुका हुआ है निर्माण कार्य
बॉटनिकल गार्डन बस टर्मिनल के नवीनीकरण की योजना के तहत पहले चरण में सिविल निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। परिसर में इसके लिए खुदाई भी की गई थी, लेकिन ग्रैप लागू होने के बाद निर्माण गतिविधियों पर रोक के चलते काम प्रभावित हो गया। अब प्राधिकरण ने अन्य सुविधाओं को विकसित करने के लिए टेंडर जारी किया है। योजना पूरी होने के बाद बस टर्मिनल पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इससे इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के साथ यात्रियों को भी बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।