29 नवंबर को फलैदा कट पर किसानों की महापंचायत, नोएडा से जुटेंगे किसान

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (24/11/2026): भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति की ओर से 29 नवंबर को जेवर के फलैदा कट पर आयोजित होने वाली किसान महापंचायत की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में नोएडा महानगर कार्यालय पर संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें महापंचायत की तैयारियों और किसानों की लंबित समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नोएडा महानगर से बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता महापंचायत में शामिल होंगे।

बैठक में पदाधिकारियों ने बताया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर क्षेत्र के किसानों की आबादी, 10 प्रतिशत विकसित भूखंड, यमुना एक्सप्रेसवे के आवासीय भूखंड और यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 17 महीनों से अनिश्चितकालीन धरना जारी है। उनका आरोप है कि सरकार और प्राधिकरण की ओर से किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ रही है।

इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि देश की बड़ी आबादी की आजीविका कृषि पर निर्भर है। किसानों के समर्थन से जनप्रतिनिधि और सरकारें चुनी जाती हैं, इसके बावजूद किसानों को अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और संगठन पीछे नहीं हटेगा।

बैठक में पदाधिकारियों ने 29 नवंबर को फलैदा कट, जेवर में होने वाली महापंचायत को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक किसानों से पहुंचने की अपील की।

इस दौरान संगठन के परिवहन मंत्री ओमप्रकाश गुर्जर, महानगर अध्यक्ष हरेन्द्र सिंह, युवा अध्यक्ष राजकुमार मोनू, सुनील बैसोया, महेश बैसोया, संजीव चपराना, रामवीर तंवर, इंद्र प्रधान, जीत सिंह, अजय नागर, अंकित अवाना, उमेश पाल, सुधीर ठाकुर, अरुण दादा, विवेक कुमार, शोभित अवाना, मनोज प्रजापति और आकाश अवाना सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।