दादरी में भाजपा के टिकट की लंबी कतार, तेजपाल नागर के सामने कई दावेदार! तीसरी बार मिलेगा मौका?

हिमांशु शर्मा (शोधार्थी), सीनियर रिपोर्टर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (24 November 2026): उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का सियासी बिगुल बजने से पहले ही गौतमबुद्ध नगर की दादरी विधानसभा सीट पर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। प्रदेश की सत्ता में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने की रणनीति के तहत भाजपा समेत तमाम राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। संभावित प्रत्याशियों और टिकट के दावेदारों ने भी अपने-अपने सियासी समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं। दादरी में सबसे ज्यादा हलचल भाजपा के भीतर देखने को मिल रही है, जहां मौजूदा विधायक तेजपाल नागर के साथ कई दिग्गज और युवा नेता टिकट की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।

वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में लगातार जीत दर्ज कर चुके भाजपा विधायक तेजपाल नागर तीसरी बार चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। हालांकि, इस बार उनके सामने पार्टी के भीतर ही कई नेताओं की दावेदारी चुनौती पेश कर सकती है। पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी के बेटे आशीष भाटी भी भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भाजपा से सत्येंद्र अवाना, कौशल्या वर्ल्ड स्कूल की चेयरपर्सन कुशल सिंह, भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर भाटी, बिजेंद्र प्रमुख, प्रणीत भाटी, विजेंद्र भाटी, आनंद भाटी, जिला पंचायत सदस्य देवा भाटी, इंदर नागर और सुशील भाटी के नाम भी संभावित दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं।

इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा और दादरी नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष गीता पंडित के नाम को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं हैं। ऐसे में दादरी विधानसभा सीट पर भाजपा के टिकट को लेकर दावेदारों की लंबी कतार नजर आ रही है।

सुरेंद्र नागर के चुनाव लड़ने की अटकलों से बढ़ी सियासी हलचल

दादरी की राजनीति में सबसे अहम चर्चाओं में राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर का नाम भी शामिल है। पिछले दिनों चिटहेरा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की रैली के बाद उनके दादरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

वहीं, अक्टूबर में सत्येंद्र अवाना और निर्मल तंवर भाटी को भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता और संभावित दावेदारी को लेकर भी नए सियासी समीकरणों की चर्चा होने लगी है।

सपा में भी टिकट के लिए कई चेहरे, राजकुमार भाटी ने किया इनकार

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी भी दादरी विधानसभा सीट पर अपनी चुनावी रणनीति को धार देने में जुटी है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। वहीं, सुधीर भाटी, अक्षय चौधरी और अक्षय भाटी के नाम टिकट के संभावित दावेदारों के रूप में सामने आ रहे हैं। कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी की ओर से अभी तक किसी प्रमुख दावेदार का नाम सामने नहीं आया है।

ग्रामीण मतदाताओं के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट पर भी रहेगी नजर

दादरी विधानसभा सीट का चुनावी समीकरण काफी व्यापक है। यहां ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट की बड़ी-बड़ी आवासीय सोसायटियों और शहरी मतदाताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में स्थानीय विकास, बुनियादी सुविधाएं, किसानों की समस्याएं, आवासीय सोसायटियों से जुड़े मुद्दे और सामाजिक समीकरण चुनावी रणनीति को प्रभावित कर सकते हैं। प्रत्याशी चयन में राजनीतिक संगठन की पकड़ और क्षेत्र में नेताओं की सक्रियता भी अहम भूमिका निभा सकती है।

फिलहाल दादरी विधानसभा सीट पर सबसे बड़ा सियासी सवाल यही है कि भाजपा लगातार दो बार जीत दर्ज कर चुके तेजपाल नागर पर तीसरी बार भी भरोसा जताएगी या फिर पार्टी किसी नए चेहरे को चुनावी मैदान में उतारकर नया राजनीतिक दांव खेलेगी? राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर के नाम की चर्चा और भाजपा के भीतर टिकट के लिए बढ़ती दावेदारी ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। अब सबकी निगाहें भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के फैसले और आने वाले दिनों में बनने वाले नए सियासी समीकरणों पर टिकी हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।