नोएडा में टिकट की सियासी जंग, पंकज सिंह के सामने दोहरी चुनौती? भाजपा में भी कई दावेदार
हिमांशु शर्मा (शोधार्थी), सीनियर रिपोर्टर
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Noida News (24 November 2026): उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का सियासी बिगुल बजने से पहले ही नोएडा विधानसभा सीट पर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। प्रदेश की सत्ता में वापसी और अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटे विभिन्न दलों ने संभावित प्रत्याशियों को लेकर सियासी समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं। नोएडा में भी मौजूदा विधायक, पूर्व जनप्रतिनिधि और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता टिकट की दावेदारी में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं।
लगातार दो बार नोएडा विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर चुके भाजपा विधायक पंकज सिंह के सामने इस बार दोहरी चुनौती नजर आ रही है। एक ओर विपक्षी दल भाजपा को घेरने की रणनीति बना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पार्टी के भीतर भी टिकट को लेकर नए चेहरों की दावेदारी सामने आने लगी है। ऐसे में आगामी चुनाव से पहले नोएडा की सियासत में टिकट का मुकाबला दिलचस्प होता दिखाई दे रहा है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बड़े बेटे पंकज सिंह वर्ष 2017 और 2022 में नोएडा विधानसभा सीट से चुनाव जीत चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। हालांकि, इस बार भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता भी नोएडा से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में पार्टी के भीतर संभावित उम्मीदवारों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बृजभूषण शरण सिंह की बेटी की एंट्री से दिलचस्प हो सकती है भाजपा की टिकट की जंग
इन सबके बीच पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह के भी नोएडा से चुनावी मैदान में उतरने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। शालिनी पिछले करीब 15 वर्षों से नोएडा में रह रही हैं और सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। वह पहले भी पार्टी नेतृत्व की सहमति मिलने पर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
यदि शालिनी सिंह नोएडा विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी करती हैं, तो भाजपा के भीतर मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है। एक तरफ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह हैं, तो दूसरी तरफ पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह की संभावित दावेदारी की चर्चा है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व के सामने उम्मीदवार चयन को लेकर अहम फैसला लेने की चुनौती हो सकती है।
सपा और कांग्रेस में भी टिकट के लिए कई दावेदार
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी भी नोएडा विधानसभा सीट पर भाजपा को चुनौती देने के लिए मजबूत उम्मीदवार की तलाश में जुटी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सपा की ओर से मुकेश शर्मा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुभाष भाटी, गौरव सिंघल, अक्षय गुप्ता और सुनील चौधरी के नाम टिकट के संभावित दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं।
वहीं, कांग्रेस में भी टिकट को लेकर कई नाम सामने आ रहे हैं। पार्टी से रामकुमार तंवर, दिनेश अवाना, पुरुषोत्तम नागर, सचिन शर्मा और प्रमोद शर्मा संभावित दावेदार बताए जा रहे हैं। दूसरी ओर, बहुजन समाज पार्टी की तरफ से अभी तक किसी प्रमुख दावेदार का नाम सामने नहीं आया है।
भाजपा के फैसले पर टिकी निगाहें, क्या पंकज सिंह को मिलेगा तीसरा मौका?
फिलहाल नोएडा विधानसभा सीट पर चुनावी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। सभी राजनीतिक दलों के संभावित प्रत्याशी अपने-अपने सियासी समीकरण मजबूत करने में जुटे हैं। विधानसभा चुनाव से पहले सबसे बड़ा सवाल भाजपा के उम्मीदवार को लेकर बना हुआ है। क्या पार्टी लगातार दो बार जीत दर्ज कर चुके पंकज सिंह पर तीसरी बार भी भरोसा जताएगी या फिर किसी नए चेहरे को चुनावी मैदान में उतारकर नया राजनीतिक दांव खेलेगी?
वहीं, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस किस उम्मीदवार पर दांव लगाती हैं, यह भी नोएडा के चुनावी मुकाबले की दिशा तय करने में अहम होगा। फिलहाल भाजपा के भीतर टिकट की बढ़ती दावेदारी और विपक्षी दलों की चुनावी तैयारियों ने नोएडा विधानसभा सीट को आगामी चुनाव से पहले ही सियासी चर्चाओं के केंद्र में ला दिया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।