युवाओं को रोजगार और स्थानीय लोगों को मिले निवेश का लाभ: CM Yogi Adityanath

टेन न्यूज नेटवर्क

Lucknow News(23/11/2026): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को लखनऊ में स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं, एक्सप्रेस-वे निर्माण, सड़क, सिंचाई, रोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए निजी क्षेत्र को दी जा रही सुविधाओं, नीतिगत रियायतों और सब्सिडी का अधिकतम लाभ स्थानीय नागरिकों और युवाओं को मिलना चाहिए। रोजगार के अवसर पैदा करना और जनहित को प्राथमिकता देना सरकार की नीतियों का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए।

एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे की निविदा प्रक्रिया 30 नवंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए। फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 91.46 प्रतिशत भूमि का क्रय पूरा हो चुका है। वहीं, आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 82.98 प्रतिशत, झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 86.04 प्रतिशत और जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 83.45 प्रतिशत भूमि उपलब्ध हो चुकी है। इन परियोजनाओं के निर्माण के लिए चयनित कंपनियों को लेटर ऑफ अवार्ड (एलओए) भी जारी कर दिया गया है। इसके अलावा मेरठ-हरिद्वार और विंध्य एक्सप्रेस-वे सहित विंध्य-पूर्वांचल स्पर के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू करने को कहा गया।

ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब की निविदाओं की वित्तीय बिड अगले दो सप्ताह में खोलने और मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग की 47,248 करोड़ रुपये की लागत वाली 279 परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ सड़कों को गड्ढामुक्त करने का काम भी जल्द समाप्त करने को कहा गया। वहीं, मध्य गंगा नहर परियोजना के दूसरे चरण, हस्तिनापुर तटबंध और सिंहवाहिनी पम्प नहर परियोजना को शीघ्र लोकार्पित करने के निर्देश दिए।

सामाजिक योजनाओं की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने जीरो पावर्टी अभियान के तहत चिह्नित 12.50 लाख परिवारों को आवास, आयुष्मान कार्ड, अंत्योदय कार्ड और रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण का लाभ दिलाने को कहा। श्रमिकों के लिए लेबर अड्डों पर लगने वाले शिविरों के माध्यम से श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, रियायती भोजन और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 88 विभागों में कार्यरत 3,10,437 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नई व्यवस्था के तहत बढ़ा हुआ मानदेय समय पर और पूरा देने को कहा। इसके साथ ही महिलाओं की श्रम भागीदारी बढ़ाने के लिए निर्माणाधीन वर्किंग वूमेन हॉस्टल और ग्राम पंचायतों में स्थापित की जा रही 11,350 डिजिटल लाइब्रेरी के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।