बिसलेरी के पानी पर FSSAI की बड़ी कार्रवाई, कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (23 November 2026): देश के प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। नियामक के मुताबिक, बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक नमूने की जांच में निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया। एफएसएसएआई ने रविवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी। जांच में पानी के नमूने को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। इस कार्रवाई के सामने आने के बाद पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

एफएसएसएआई के अनुसार, बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की गोवा स्थित निर्माण इकाई से सितंबर 2025 में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के छह नमूने लिए गए थे। शुरुआती जांच में पांच नमूने निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, लेकिन छठे नमूने में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया, जबकि इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। इसके बाद कंपनी की अपील पर इस नमूने को रेफरल फूड लैबोरेटरी में दोबारा जांच के लिए भेजा गया। एफएसएसएआई का कहना है कि रेफरल लैब ने नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी पाई और उसे असुरक्षित घोषित किया। इसी जांच के आधार पर नियामक ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दी है।

वहीं, एफएसएसएआई की कार्रवाई के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल ने भी अपना पक्ष रखा है। कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके एक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए बैच से संबंधित है। कंपनी के मुताबिक, शुरुआती जांच में छह में से पांच नमूने सभी मानकों पर सही पाए गए थे, जबकि एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिली थी। बिसलेरी का कहना है कि 22 नवंबर 2025 को अपील करने के बाद रेफरल लैब में दोबारा जांच कराई गई, जहां ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया, हालांकि उसी नमूने में PAHs को लेकर सवाल उठाए गए। दोनों जांचों के नतीजों में अंतर होने के कारण कंपनी ने उसी नमूने की एक अन्य FSSAI-मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से स्वतंत्र जांच भी कराई, जिसमें ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर बताया गया।

कंपनी ने आगे दावा किया कि उसने 2 फरवरी 2026 को स्वतंत्र प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के साथ एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को औपचारिक पत्र भेजा था। इसके बाद उसे नियामक की ओर से कोई अतिरिक्त सूचना नहीं मिली और कंपनी ने समझा कि मामला बंद हो गया है। बिसलेरी के अनुसार, उसे अब तक ईमेल या हार्ड कॉपी के माध्यम से कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है और एफएसएसएआई की वेबसाइट पर भी उसे संबंधित नोटिस नहीं मिला। कंपनी ने कहा कि पेयजल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और उसकी 10 चरणों वाली निर्माण प्रक्रिया में 90 से अधिक गुणवत्ता परीक्षण किए जाते हैं। साथ ही उसने नियामक के साथ सहयोग जारी रखने की बात कही है और अपने उत्पादों को उपभोग के लिए सुरक्षित बताया है।

गौरतलब है कि एफएसएसएआई ने केवल बिसलेरी ही नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में कई अन्य कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। नियामक ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। इसके अलावा उर्मी लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। आशा कन्फेक्शनरी को असुरक्षित पाई गई प्री-पैक चॉकलेट कुकीज बाजार से वापस लेने का आदेश भी दिया गया है। ऐसे में बिसलेरी के मामले में अब नियामक की जांच और कानूनी प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल एक तरफ एफएसएसएआई ने नमूने को असुरक्षित बताते हुए मुकदमे की मंजूरी दी है, तो दूसरी तरफ कंपनी ने जांच के नतीजों पर सवाल उठाते हुए अपने उत्पाद की सुरक्षा का दावा किया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।