Ghaziabad News: 15 शादियां करने का आरोपी गिरफ्तार, शादी के बाद युवती से 18 लाख की ठगी का आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (23/11/2026): गाजियाबाद में अलग-अलग पहचान और नाम बताकर 15 से अधिक महिलाओं से शादी करने के आरोपी नरेंद्र शर्मा को नंदग्राम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर शादी के नाम पर महिलाओं को धोखा देने, मारपीट, दुष्कर्म और शेयर ट्रेडिंग में निवेश कराने के बहाने 18 लाख रुपये की ठगी करने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी को रविवार देर शाम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

दरअसल, इस मामले में मेरठ के जानी थाना क्षेत्र की रहने वाली 26 वर्षीय युवती ने नंदग्राम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के मुताबिक, उसने शादी के लिए जीवनसाथी ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराया था। इसी दौरान 1 जुलाई 2025 को नरेंद्र शर्मा उससे मिलने पहुंचा। आरोपी ने खुद को मुंबई का निवासी बताते हुए अपने परिवार का संबंध राजस्थान के बीकानेर से बताया था। उसने गोवा में रिसॉर्ट और खाटू श्याम में पांच होटल होने का दावा कर युवती का विश्वास जीत लिया।

पीड़िता का आरोप है कि 25 सितंबर 2025 को दोनों की मेरठ में शादी हुई। शादी के बाद आरोपी उसे करीब एक महीने तक अलग-अलग होटलों में लेकर रहा। इसी दौरान युवती को पता चला कि नरेंद्र शर्मा पहले भी कई महिलाओं से शादी कर चुका है। जब उसने इस संबंध में आरोपी से सवाल किए और विरोध जताया, तो उसके साथ मारपीट की गई और जबरन दुष्कर्म किया गया।

युवती ने आरोप लगाया कि नरेंद्र शर्मा ने उसके मामा और अन्य रिश्तेदारों को शेयर ट्रेडिंग में निवेश कराकर मुनाफा दिलाने का झांसा दिया और उनसे करीब 18 लाख रुपये ले लिए। इसके अलावा आरोपी ने कथित तौर पर धोखे से युवती की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए थे। पुलिस में शिकायत करने पर वह इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर 21 मई 2026 को नंदग्राम थाने में नरेंद्र शर्मा, उसके पिता ब्रह्मप्रकाश शर्मा और दो अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि नरेंद्र शर्मा कथित तौर पर अलग-अलग नाम और पहचान का इस्तेमाल कर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मुंबई और राजस्थान में कई महिलाओं से शादी कर चुका है। वह दिल्ली में विराट नाम से भी रह रहा था।

रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान पीड़िता भी कचहरी पहुंची। उसने आरोपी को जेल भेजने की मांग करते हुए उसकी कथित धोखाधड़ी से जुड़े फोटो और अन्य साक्ष्य भी प्रस्तुत किए। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।