Varanasi News (22 November 2026): उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 24 नवंबर को देव दीपावली का भव्य आयोजन होने जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी के गंगा घाटों से लेकर शहर के तालाबों तक 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर गंगा की भव्य महाआरती, चेत सिंह घाट पर लेजर शो, दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और नावों की आवाजाही को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
11 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएंगे घाट और तालाब
देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी के सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने रेतीले क्षेत्रों और शहर के 100 से अधिक तालाबों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। इनमें स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups) की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए दीप भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि देव दीपावली का उत्सव केवल गंगा घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे शहर के साथ सारनाथ और ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसकी भव्यता दिखाई दे।
ड्रोन शो, लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी बनेगी आकर्षण
देव दीपावली की शाम दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी। इसके बाद चेत सिंह घाट पर लेजर शो और दशाश्वमेध तथा अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। वहीं, काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
देव दीपावली से पहले 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। चारों दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री ने इन कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
नावों की आवाजाही के लिए पहली बार दो तरफा मार्ग
पिछली देव दीपावली के दौरान गंगा में नावों की भीड़ के कारण उत्पन्न हुई समस्याओं को देखते हुए इस बार नावों की आवाजाही के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। नमो घाट से अस्सी घाट तक दो तरफा नाव मार्ग बनाया गया है।
इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी और वापसी में गंगा के दूसरी ओर रेतीले किनारे के पास से लौटेंगी। डीजल से संचालित नावों और जिले के बाहर से आने वाली नावों पर रोक रहेगी।
गंगा में सुरक्षा व्यवस्था के लिए NDRF, जल पुलिस और बाढ़ राहत बल की टीमें तैनात रहेंगी और लगातार निगरानी करेंगी, ताकि भीड़ के कारण किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
27 वॉच टावर और 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। निगरानी के लिए 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरे और क्विक रिस्पॉन्स टीमों (QRT) को तैनात किया जाएगा।
पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से गश्त करेगी, जबकि लोगों की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं। यातायात व्यवस्था के तहत भारी वाहनों के लिए सात डायवर्जन प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
भीड़भाड़ वाले मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा की आवाजाही सीमित की जाएगी। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 14 अस्पतालों को जोड़ने वाला ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार किया जाएगा।
दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीपों से होगी भव्य सजावट
देव दीपावली का मुख्य आयोजन 24 नवंबर को शाम 5 बजे से दशाश्वमेध घाट पर होगा। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा के मुताबिक, दशाश्वमेध घाट को 21 कुंतल फूल-मालाओं से सजाया जाएगा और 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
आचार्य रणधीर के नेतृत्व में 21 अर्चक मां गंगा की महाआरती करेंगे। इस दौरान 42 कन्याएं भी कार्यक्रम में शामिल होंगी। प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा मां गंगा के तट पर भजनों की प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों की स्मृति में प्रज्वलित आकाशदीपों का समापन भी किया जाएगा। चार शहीद जवानों को ‘भागीरथ शौर्य सम्मान’ प्रदान करने के साथ आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।
20 से 25 नवंबर तक विशेष सफाई अभियान
देव दीपावली को देखते हुए वाराणसी में 20 से 25 नवंबर तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। दीपदान का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घाटों की तत्काल सफाई की जाएगी, ताकि अगले दिन गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
24 नवंबर को गुरु नानक जयंती भी है। इसे देखते हुए शहर के गुरुद्वारों में लंगर और कीर्तन की व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बार देव दीपावली पर काशी में धार्मिक आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी, गंगा आरती, ड्रोन और लेजर शो तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ वाराणसी एक बार फिर दीपों की अलौकिक रोशनी से जगमगाने के लिए तैयार है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।