महाकुंभ 2025 में सफाई कर्मियों ने झाड़ू लगाकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

टेन न्यूज नेटवर्क

प्रयागराज, (25 फरवरी, 2025): महाकुंभ 2025 में स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए एक नया गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। सोमवार को महाकुंभ मेला क्षेत्र के चार जोनों में 15,000 स्वच्छता कर्मियों ने एक साथ सफाई अभियान चलाया, जिससे यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई। इससे पहले, कुम्भ 2019 में 10,000 सफाई कर्मियों ने यह रिकॉर्ड बनाया था, जिसे इस बार तोड़ दिया गया।

10 किलोमीटर तक चला सफाई अभियान

स्वच्छता अभियान के तहत 10 किलोमीटर के क्षेत्र में झाड़ू लगाई गई। यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से की गई, ताकि महाकुंभ को न केवल धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन बल्कि “स्वच्छ महाकुंभ” के रूप में भी पहचाना जाए। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रयागराज के मेयर गणेश केसरवानी, महाकुंभ की विशेष कार्याधिकारी आकांक्षा राणा, और गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड टीम के ऑब्जर्वर मौजूद थे।

स्वच्छता का वैश्विक संदेश

उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि यह रिकॉर्ड स्वच्छता कर्मियों के समर्पण और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ से पूरी दुनिया को स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। इस आयोजन में स्वच्छता कर्मियों के हाथों में स्कैन कोड वाले बैंड लगाकर उनकी गिनती की गई।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की आधिकारिक रिपोर्ट तीन दिन बाद जारी होगी। इस आयोजन ने दिखाया कि अगर हम सब मिलकर प्रयास करें, तो स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।