गौवंश मांस की तस्करी करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (25 फरवरी 2025): ग्रेटर नोएडा में क्राइम ब्रांच गौतमबुद्ध नगर और थाना दादरी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौवंश मांस की तस्करी करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान फराज खान (जनरल मैनेजर, अलतबारक फ्रोजन फूड प्रा. लि.) और उसके सहयोगी रेहान खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह अवैध रूप से लावारिस पशुओं को चोरी-छिपे कटवा कर या अन्य गौकशी करने वालों से गौवंश मांस खरीदकर उसे भैंस के मांस के रूप में पैक कर निर्यात करता था।

इस अवैध कारोबार का खुलासा तब हुआ जब 15 फरवरी को पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पता चला कि कार्नीफ्रेश प्रा. लि. नामक कंपनी अलतबारक फ्रोजन फूड प्रा. लि. से यह मांस खरीद रही थी और उसे एसपीजे कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था। पुलिस और संबंधित अधिकारियों द्वारा परीक्षण के बाद यह पुष्टि हुई कि कोल्ड स्टोरेज में रखा गया मांस प्रतिबंधित गौवंश मांस था।

पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ करने के बाद इस पूरे रैकेट के बारे में अहम जानकारी जुटाई और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। गौवंश मांस की तस्करी के इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गौवंश संरक्षण अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

इस घटना के खुलासे के बाद गौवंश तस्करी के अवैध नेटवर्क पर पुलिस की पैनी नजर है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।