New Delhi News (20 November 2026): दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आनंद विहार आईएसबीटी से उत्तर प्रदेश के हापुड़ के बीच अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा का भी शुभारंभ किया। सरकार की इस पहल से दिल्ली, गाजियाबाद, पिलखुवा और हापुड़ के बीच सफर करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों को बेहतर, सुविधाजनक और किफायती सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को केवल शहर की सीमाओं तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि एनसीआर और पड़ोसी राज्यों के शहरों के साथ भी मजबूत बस कनेक्टिविटी विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली और आसपास के शहरों से बड़ी संख्या में लोग रोजाना रोजगार, व्यापार, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए राजधानी आते हैं। ऐसे में सार्वजनिक परिवहन के विकल्प बढ़ाना बेहद जरूरी है, ताकि लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ने से सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात जाम की समस्या से राहत मिलेगी। इसके साथ ही प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी। शुक्रवार को शामिल की गईं 100 नई बसों में 50 बसें 9 मीटर और 50 बसें 12 मीटर लंबाई की हैं। सभी बसें वातानुकूलित, लो-फ्लोर और शून्य उत्सर्जन वाली हैं। इनमें सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, रियल टाइम ट्रैकिंग और दिव्यांगजनों के अनुकूल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
नई बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली के कुल बस बेड़े की संख्या बढ़कर लगभग 7,088 हो गई है। इनमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें शामिल हैं। वहीं, आनंद विहार आईएसबीटी से हापुड़ बस स्टेशन के बीच 12 इलेक्ट्रिक बसों की अंतरराज्यीय सेवा शुरू की गई है। इस रूट पर दोनों दिशाओं में हर 20 मिनट के अंतराल पर बसें संचालित होंगी। बसें गढ़ोली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर, डाबर, मोहन नगर, न्यू और ओल्ड गाजियाबाद बस स्टैंड, हापुड़ चुंगी, आईएमएस कॉलेज डासना, मसूरी, छिजारसी, कुलेच नगर, पिलखुवा और निजामपुर सहित प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेंगी। इस रूट का किराया 124 रुपये निर्धारित किया गया है, जिससे दैनिक यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा।
इस अवसर पर दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2028-29 तक दिल्ली के बस बेड़े को बढ़ाकर लगभग 14,000 करना है। दिल्ली पहले से ही देश में सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा रखने वाले शहर के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रही है। परिवहन मंत्री ने कहा कि दिल्ली-हापुड़ के बीच सेवा शुरू होने से दिल्ली के साथ गाजियाबाद और पिलखुवा के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। इससे पहले पानीपत और करनाल के लिए भी अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का संकल्प सार्वजनिक परिवहन को आम नागरिकों की पहली पसंद बनाना है। इसके लिए बसों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा, आराम और नियमित संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिल्ली और पड़ोसी राज्यों के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवाओं का विस्तार होने से रोजाना आवागमन करने वाले लाखों लोगों को फायदा मिलेगा। सरकार का मानना है कि सार्वजनिक परिवहन के मजबूत नेटवर्क से निजी वाहनों का इस्तेमाल कम होगा और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।