New Delhi News (16 नवंबर 2026): दिल्ली के द्वारका जिला साइबर थाना पुलिस ने विदेशी खरीदार दिलाने का झांसा देकर देशभर के निर्माताओं और व्यापारियों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पालम एक्सटेंशन के सेक्टर-7 स्थित ‘वेब सॉल्यूशंस एक्सपोर्ट’ कंपनी के कार्यालय में छापेमारी कर कुल 20 आरोपियों को पकड़ा है। इनमें कंपनी का रजिस्टर्ड मालिक और ऑपरेशन मैनेजर भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 34 मोबाइल फोन, 8 लैपटॉप, 14 सीपीयू, 23 डायरियां, दो चेकबुक, फर्जी सर्टिफिकेट और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में इस गिरोह के तार महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से भी जुड़े मिले हैं।
गूगल लिस्टिंग और B2B पोर्टल से बनाते थे शिकार:
जांच में सामने आया कि आरोपी गूगल लिस्टिंग, ऑनलाइन विज्ञापन, B2B पोर्टल और सोशल मीडिया के माध्यम से देशभर के निर्माताओं और व्यापारियों से संपर्क करते थे। उन्हें विदेशों में खरीदार उपलब्ध कराने का भरोसा देकर कंपनी की पेड मेंबरशिप लेने के लिए तैयार किया जाता था। इसके लिए 5,900 रुपये प्लस GST और अन्य योजनाओं के तहत रकम वसूली जाती थी। मेंबरशिप लेने के बाद कारोबारियों को कथित विदेशी खरीदार का व्हाट्सऐप नंबर दिया जाता था। हालांकि, विदेशी खरीदार बनकर बातचीत करने वाला व्यक्ति भी इसी फर्जी कॉल सेंटर का कर्मचारी होता था, जो विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए कारोबारियों से संपर्क करता था और उन्हें बड़े एक्सपोर्ट ऑर्डर मिलने का भरोसा दिलाता था।
फर्जी सर्टिफिकेट के नाम पर लाखों रुपये की वसूली:
कारोबारियों को एक्सपोर्ट ऑर्डर पूरा करने के लिए ISO, GMP, BRC, IEC और फूड सेफ्टी जैसे प्रमाणपत्र जरूरी बताए जाते थे। विदेश से बड़ा ऑर्डर हाथ से निकलने के डर से कारोबारी दोबारा इसी कंपनी से संपर्क करते थे, जहां उनसे लाखों रुपये लेकर फर्जी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराए जाते थे। इसके बाद कथित विदेशी खरीदार एक और नए प्रमाणपत्र की मांग कर देता था। इस तरह आरोपी अलग-अलग बहाने बनाकर कारोबारियों से बार-बार पैसे वसूलते थे। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड थी, जिसने हर महीने पैसे लेने के बदले अपनी पहचान का इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी, जबकि कंपनी का वास्तविक संचालन ऑपरेशन मैनेजर संभाल रहा था। गिरोह में सेल्स, सपोर्ट, बायर कनेक्ट, फर्जी विदेशी खरीदार और आईटी की अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं।
बैंक खाते की जांच से खुला फर्जीवाड़े का राज:
दरअसल, साइबर पुलिस ने NCRP पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और साइबर ठगी से जुड़े बैंक खातों की जांच के दौरान इंदसइंड बैंक के एक खाते का संबंध महाराष्ट्र में दर्ज साइबर ठगी की शिकायत से पाया था। खाते की पड़ताल करते हुए पुलिस टीम पालम एक्सटेंशन स्थित कंपनी के कार्यालय तक पहुंची, जहां पूरा फर्जी कॉल सेंटर संचालित होता मिला। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर 20 लोगों को पकड़ा। कॉल सेंटर से मिले मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच में इंदसइंड बैंक और एक्सिस बैंक के खातों का संबंध महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से सामने आया। इस मामले में साइबर थाना द्वारका में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 3(5) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।