दिल्ली का ‘शीशमहल’ जनता के लिए खुलेगा, टिकट लेकर कर सकेंगे सैर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (17 November 2026): दिल्ली की राजनीति में चर्चित रहे अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास यानी कथित ‘शीशमहल’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली सरकार अब इस बंगले को आम जनता के लिए खोलने जा रही है। पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने मंगलवार को घोषणा की कि अगले सप्ताह से लोग टिकट लेकर इस आलीशान बंगले का भ्रमण कर सकेंगे। इससे पहले सरकार ने इस भवन को स्टेट गेस्ट हाउस बनाने का फैसला किया था, लेकिन अब जनता और पत्रकारों की मांग को देखते हुए इसे आम लोगों के लिए खोलने का निर्णय लिया गया है।

पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए इस बंगले को भ्रष्टाचार का उदाहरण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने सादगी और सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं लेने की बात कहकर कई बंगलों, सर्वेंट क्वार्टर और गैराज को तोड़कर अपने लिए आलीशान आवास तैयार कराया था। मंत्री ने कहा कि जनता को यह देखना चाहिए कि जिस व्यक्ति ने कभी बंगला और गाड़ी नहीं लेने की बात कही थी, उसने मुख्यमंत्री रहते हुए किस तरह इस आवास का निर्माण कराया।

प्रवेश वर्मा ने बंगले के अंदर की सुविधाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां करोड़ों रुपये के पर्दे, स्मार्ट लाइट और वियतनाम का मार्बल लगाया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक इस आवास का केवल एक कमरा ही तस्वीरों के माध्यम से दिखाया जाता था, जिसमें शहीद-ए-आजम भगत सिंह और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीरें लगी थीं। आम लोगों को अंदर जाने की अनुमति नहीं थी, लेकिन अब पूरा बंगला जनता के लिए खोला जाएगा। लोग खुद अंदर जाकर वहां बने कमरों, साज-सज्जा और सुविधाओं को देख सकेंगे।

मंत्री ने बताया कि शीशमहल को जनता के लिए खोलने की शुरुआत अगले सप्ताह से की जाएगी। इसके लिए टिकट और ऑनलाइन बुकिंग समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी जल्द सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता से पहले मीडिया के प्रतिनिधियों को इस बंगले का भ्रमण कराया जाएगा। इसके लिए अगले दो से तीन दिनों में पत्रकारों को सूचना दी जाएगी। सरकार का कहना है कि जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि लोग खुद इस आवास को देख सकें और इससे जुड़े विवादों के बारे में जानकारी हासिल कर सकें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।