नोएडा में आज से शुरू होगी गंगाजल की सप्लाई, कई दिनों बाद मिलेगी राहत

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (16 नवंबर, 2026): नोएडा के लोगों को पिछले करीब 23 दिनों से चल रही पानी की किल्लत से जल्द राहत मिलने वाली है। सोमवार से शहर में गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है। गंग नहर में पानी छोड़े जाने के बाद अब इसकी सप्लाई नोएडा तक पहुंचने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गंगाजल की आपूर्ति बहाल होने से शहर के लोगों को पर्याप्त पानी मिल सकेगा और कम दबाव की समस्या भी दूर होने की उम्मीद है।

दरअसल, हर साल दशहरा और दिवाली के बीच हरिद्वार में गंग नहर की सफाई की जाती है। इस दौरान करीब 20 दिनों तक गंगाजल की आपूर्ति बंद रहती है। नोएडा को गंगाजल गाजियाबाद स्थित प्लांट के माध्यम से मिलता है। नहर में पानी छोड़े जाने के बाद इसे नोएडा पहुंचने में दो से तीन दिन का समय लगता है।

नोएडा में प्रतिदिन करीब 137.5 क्यूसेक यानी 270 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) गंगाजल की आपूर्ति होती है। इसे रेनीवेल और ट्यूबवेल के पानी के साथ मिलाकर घरों तक पहुंचाया जाता है। सप्लाई बंद रहने के दौरान दूसरे जल स्रोतों से शहर की जरूरत पूरी की जा रही थी, लेकिन इसके बावजूद कई सेक्टरों और गांवों में पानी की कमी बनी हुई थी।

गंगाजल पहुंचने के बाद इसे पहले अंडरग्राउंड रिजर्वायर (यूजीआर) में स्टोर किया जाएगा। इसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित आपूर्ति शुरू होगी। गंगाजल की सप्लाई बंद होने के कारण कई इलाकों में लोगों को सुबह-शाम मिलाकर केवल एक से दो घंटे पानी मिल पा रहा था। कम दबाव के चलते बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों तक पानी नहीं पहुंच रहा था।

सेक्टर-55 और 56 समेत कई इलाकों के निवासी पानी की समस्या को लेकर विरोध भी जता चुके हैं। अब गंगाजल की आपूर्ति बहाल होने से शहर में पानी की उपलब्धता बढ़ने और लोगों को लंबे समय से जारी परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।