डॉ. कुमार विश्वास की रामकथा के साथ संपन्न हुआ तीन दिवसीय ‘अपने-अपने राम’ आयोजन, मुकेश शर्मा ने जताया आभार
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (15 नवंबर, 2026): नोएडा के सेक्टर-38 स्थित वर्ल्ड्स ऑफ वंडर में आयोजित तीन दिवसीय आध्यात्मिक कार्यक्रम ‘अपने-अपने राम’ का रविवार को भव्य समापन हुआ। समाजसेवी एवं उद्यमी मुकेश शर्मा के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने अपनी काव्यात्मक और ओजस्वी शैली में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का वर्णन किया। तीनों दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे और पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के पहले दिन डॉ. कुमार विश्वास ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाया। उन्होंने श्रीराम के जीवन, मर्यादा, संस्कार और आदर्शों को वर्तमान सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन से जोड़ते हुए कर्तव्य, त्याग और मानवता का संदेश दिया। दूसरे दिन सीताराम विवाह के प्रसंगों में पुष्पवाटिका में राम-सीता का प्रथम मिलन, सीता स्वयंवर, शिवधनुष भंग और लक्ष्मण-परशुराम संवाद का भावपूर्ण वर्णन किया गया। इन प्रसंगों के माध्यम से प्रेम, विश्वास, समर्पण और पारिवारिक संस्कारों का महत्व बताया गया।

आयोजन के अंतिम दिन भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक और रामराज्य की परिकल्पना पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. कुमार विश्वास ने न्याय, समानता, करुणा और जनकल्याण को आदर्श शासन व्यवस्था का आधार बताया। उन्होंने श्रीराम के जीवन दर्शन के माध्यम से संदेश दिया कि सच्चे रामराज्य में प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, न्याय और समान अवसर मिलना चाहिए। साथ ही समाज में सद्भाव, नैतिकता और सेवा की भावना को अपनाने पर जोर दिया।
आयोजक मुकेश शर्मा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए हनुमंत परिवार के सदस्यों, सहयोगियों, अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं, बल्कि सभी के सामूहिक सहयोग, मेहनत और समर्पण का परिणाम है। डॉ. कुमार विश्वास की प्रस्तुति ने तीनों दिनों तक वातावरण को राममय बनाए रखा और लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने की प्रेरणा दी।

मुकेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में उम्मीद से कहीं अधिक संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सीमित स्थान और बैठने की व्यवस्था के कारण कई लोगों को पंजीकरण और प्रवेश नहीं मिल सका। उन्होंने ऐसे सभी श्रद्धालुओं से खेद व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों का अपार स्नेह और भगवान श्रीराम के प्रति उनकी आस्था ही आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि नोएडा में इस तरह का भव्य आध्यात्मिक आयोजन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ समाज में प्रेम, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करना था।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।