नोएडा के 21 घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने मांगी सुख-समृद्धि

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (16/11/2026): नोएडा में रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ अर्पित किया। शहर के करीब 21 घाटों पर हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक लोकगीतों से शहर के विभिन्न घाट भक्तिमय हो उठे।

खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत कर रहीं व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ दोपहर से ही घाटों पर पहुंचने लगी थीं। शाम को सूर्यास्त से पहले व्रतियों ने जल में खड़े होकर सूप में फल, ठेकुआ, नारियल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां सजाईं और विधि-विधान से सूर्य देव की आराधना की। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और अर्घ अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

नोएडा स्टेडियम सहित शहर की विभिन्न कॉलोनियों और सोसाइटियों में छठ पूजा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। छिजारसी, चोटपुर, बहलोलपुर, सलारपुर, भंगेल और कुलेसरा समेत कई इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। इसके अलावा सेक्टर-25, सेक्टर-45, सेक्टर-62 और सेक्टर-63ए में भी पूजा के लिए विशेष घाट तैयार किए गए थे।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न सोसाइटियों में भी छठ महापर्व की रौनक देखने को मिली। यहां कृत्रिम घाट बनाए गए थे, जबकि कुछ सोसाइटियों में स्विमिंग पूल में ही अर्घ देने की व्यवस्था की गई थी। शाम होते ही छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण गूंज उठा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पर्व में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बताया कि छठ महापर्व केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और कठिन संकल्प का प्रतीक है। इस पर्व के माध्यम से परिवार की खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। वहीं, जिन परिवारों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं, वे सूर्य देव और छठी मइया के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं।

छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ अर्पित करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।