अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग की साजिश नाकाम, दो शूटर गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (15 November 2026): दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों की योजना बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित आवास के बाहर गोलीबारी करने की थी। इस साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास ठाकुर उर्फ विक्की और दीप उर्फ दीपक सिंह के रूप में हुई है। दोनों कथित तौर पर विदेश में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित के नेटवर्क से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, स्पेशल सेल ने विकास ठाकुर को दिल्ली से गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे आरोपी दीप उर्फ दीपक सिंह को मुंबई से पकड़ा गया। जांच एजेंसियों को इनपुट मिले थे कि गैंग के सदस्य मुंबई में एक मशहूर बॉलीवुड अभिनेता के घर के बाहर फायरिंग करने की योजना बना रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क की एक अन्य साजिश दिल्ली के कारोबारी को निशाना बनाने की भी थी। रंगदारी के लिए कारोबारी के घर पर गोलीबारी करने की योजना बनाई जा रही थी। स्पेशल सेल की समय रहते की गई कार्रवाई से दोनों वारदातों को अंजाम देने से पहले ही आरोपियों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी दीपक सिंह का नाम पंजाब के अमृतसर में 3 अक्टूबर को हुई इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर ‘मैड संधू’ की हत्या के मामले में भी सामने आया है। इस मामले में वह वांछित चल रहा था। बताया जा रहा है कि वह करीब एक महीने से मुंबई में छिपकर रह रहा था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अमिताभ बच्चन के आवास पर हमले की साजिश में गैंग के अन्य कौन-कौन से सदस्य शामिल थे और इस वारदात को अंजाम देने के लिए क्या योजना तैयार की गई थी।

इस पूरे ऑपरेशन को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की न्यू दिल्ली रेंज (NDR) की टीम ने अंजाम दिया। इंस्पेक्टर पंकज चौहान और इंस्पेक्टर सुरेश चंद चौधरी की टीम ने ACP विवेक त्यागी की निगरानी में यह कार्रवाई की। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के गैंगस्टर नेटवर्क, हथियारों की व्यवस्था, फंडिंग और विदेश में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित से उनके संपर्कों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अमिताभ बच्चन और दिल्ली के कारोबारी को निशाना बनाने की साजिश के पीछे क्या वजह थी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।