New Delhi News (15 November 2026): दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच एयर प्यूरीफायर की मांग में तेजी से इजाफा हुआ है। प्रदूषण के कारण घरों और कार्यालयों में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल बढ़ने के साथ ही इसकी बिक्री भी पांच गुना तक पहुंच गई है। इस बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर एयर प्यूरीफायर और HEPA फिल्टर पर GST की दर 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने की मांग की है।
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के बाद एयर प्यूरीफायर की मांग में भारी उछाल आया है। पहले एक दुकान पर प्रतिदिन औसतन चार एयर प्यूरीफायर बिकते थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर करीब 20 तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि मांग में अचानक आई तेजी के कारण कुछ कंपनियों के पास स्टॉक भी खत्म हो गया है।
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल और महासचिव गुरमीत अरोड़ा ने कहा कि फिलहाल एयर प्यूरीफायर और HEPA (High-Efficiency Particulate Air) फिल्टर पर 18 प्रतिशत GST लगाया जा रहा है। संगठन का मानना है कि प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए इन उत्पादों को मेडिकल और हेल्थ डिवाइस की श्रेणी में रखते हुए GST की दर घटाई जानी चाहिए, ताकि आम लोगों के लिए इन्हें खरीदना आसान हो सके।
बृजेश गोयल ने कहा कि दिल्ली का AQI 400 के पार पहुंच चुका है और स्वास्थ्य विशेषज्ञ प्रदूषण के गंभीर स्वास्थ्य प्रभावों को लेकर लगातार चेतावनी दे रहे हैं। ऐसे हालात में एयर प्यूरीफायर अब लग्जरी उत्पाद नहीं, बल्कि स्वास्थ्य की जरूरत बन गया है। इसके बावजूद 18 प्रतिशत GST के कारण इसकी कीमत आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रही है।
CTI ने अपनी मांगों में एयर प्यूरीफायर के साथ HEPA फिल्टर, कार्बन फिल्टर, UV लैंप, मोटर और सेंसर जैसे पार्ट्स पर भी GST घटाकर 5 प्रतिशत करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि फिल्टर को नियमित अंतराल पर बदलना पड़ता है, इसलिए इन पर टैक्स कम होने से उपभोक्ताओं को लगातार राहत मिलेगी।
इसके अलावा CTI ने एयर प्यूरीफायर के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल पर GST 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने का सुझाव दिया है, ताकि भारत में इनका उत्पादन सस्ता हो और आयात पर निर्भरता कम की जा सके।
संगठन ने दिल्ली के लिए 5,000 करोड़ रुपये के विशेष प्रदूषण राहत पैकेज, सरकारी स्कूलों, अस्पतालों, आंगनवाड़ी केंद्रों और 100 बड़े बाजारों में एयर प्यूरीफायर लगाने के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता देने की भी मांग की है। इसके साथ ही GRAP और बाजार बंदी से प्रभावित व्यापारियों के लिए छह महीने का EMI मोरेटोरियम, ब्याज में 2 प्रतिशत की छूट और वर्किंग कैपिटल लोन में विशेष सुविधा देने का प्रस्ताव रखा है।
बृजेश गोयल ने कहा कि जब सरकार जीवन रक्षक दवाओं पर GST कम कर सकती है, तो सांस लेने में मदद करने वाले एयर प्यूरीफायर पर भी टैक्स कम किया जाना चाहिए। CTI ने केंद्र सरकार से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आम लोगों और कारोबारियों को राहत देने की अपील की है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।