जेवर के छह गांवों को अब सेक्टर-28 बिजलीघर से मिलेगी बिजली

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (14/11/2026): जेवर विधानसभा क्षेत्र के छह गांवों के लोगों को बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से राहत मिलने वाली है। अब नगला कंचन, नगला चांदन, दयानतपुर, रामपुर बांगर, बेगमाबाद और सिवारा गांवों को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-28 स्थित बिजलीघर से बिजली की आपूर्ति की जाएगी। नई व्यवस्था लागू होने से इन गांवों में प्रतिदिन करीब 18 से 22 घंटे बिजली मिलने की उम्मीद है।

अब तक इन गांवों को अलीगढ़ जिले के उसरह बिजलीघर से बिजली मिलती थी। दूर स्थित बिजलीघर से आपूर्ति होने के कारण ग्रामीणों को अनियमित बिजली और बार-बार ट्रिपिंग की परेशानी का सामना करना पड़ता था। सेक्टर-28 बिजलीघर से आपूर्ति शुरू होने के बाद हजारों विद्युत उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा।

इस मौके पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में बिजली संकट एक बड़ी समस्या थी। लोगों को लंबे समय तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ता था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की विद्युत व्यवस्था में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अब स्थिति ऐसी है कि लोग बिजली जाने का इंतजार करते हैं, लेकिन बिजली जाती ही नहीं।

 

विधायक ने कहा कि जेवर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। विकास का लाभ गांवों में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति की नई व्यवस्था का स्वागत किया और इससे होने वाली सुविधा पर खुशी जताई।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।