“डुबकी लगाना तो दूर, मनोज तिवारी एक बार इस पानी को छूकर ही दिखा दें”: देवेंद्र यादव
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली न्यूज (14 नवंबर 2026): दिल्ली में यमुना नदी की सफाई और प्रदूषण को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (DPCC) के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने वजीराबाद के पास स्थित सूर घाट और सिग्नेचर ब्रिज के नजदीक सोनिया विहार का दौरा किया। इस दौरान देवेंद्र यादव ने यमुना में गिर रहे नजफगढ़ नाले के पानी को लेकर दिल्ली सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि नजफगढ़ नाले का पानी बिना किसी ट्रीटमेंट के सीधे यमुना नदी में मिल रहा है, जिसमें मानव और पशुओं का मल-मूत्र भी शामिल है। इसके बावजूद सरकार लोगों से इस पानी में आस्था की डुबकी लगाने की अपील कर रही है।
मौके पर मीडिया से बातचीत में देवेंद्र यादव ने कहा कि जिस स्थान पर वह खड़े हैं, उसके पीछे सिग्नेचर ब्रिज है और सामने नजफगढ़ नाला बह रहा है, जिसका प्रदूषित पानी सीधे यमुना में जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पानी पूरी तरह अनुपचारित है और इसमें मानव एवं पशुओं का अपशिष्ट मौजूद है। इसके बावजूद दिल्ली सरकार लोगों की धार्मिक आस्था का हवाला देकर उन्हें यमुना में स्नान करने के लिए प्रेरित कर रही है। देवेंद्र यादव ने इसे लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि प्रदूषित पानी में स्नान करने के लिए कहना जनता के स्वास्थ्य के साथ भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी को भी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले मनोज तिवारी ने सोनिया विहार में यमुना में डुबकी लगाई थी और उसी दिन से वह उन्हें यहां आने की चुनौती दे रहे हैं। देवेंद्र यादव ने कहा, “डुबकी लगाना तो दूर, मनोज तिवारी एक बार इस पानी को छूकर ही दिखा दें।” कांग्रेस ने इस दौरे के जरिए यमुना प्रदूषण के मुद्दे पर दिल्ली सरकार को घेरते हुए सवाल उठाया कि जब नाले का गंदा पानी बिना उपचार के नदी में मिल रहा है, तो ऐसे में लोगों को यमुना में स्नान करने के लिए प्रोत्साहित करना कितना उचित है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।