नोएडा में कुमार विश्वास ने याद दिलाया निठारी कांड | सफलता और सार्थकता में बड़ा अंतर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Noida News (13 November 2026): नोएडा की चमक-दमक, ऊंची इमारतों और विकास की तस्वीर के बीच प्रसिद्ध कवि एवं वक्ता डॉ. कुमार विश्वास ने निठारी कांड का जिक्र कर शहर के विकास के साथ सामाजिक संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण सवाल उठाया। शुक्रवार से नोएडा में शुरू हुए तीन दिवसीय ‘अपने-अपने राम’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि कोई शहर आर्थिक और भौतिक रूप से सफल तो हो सकता है, लेकिन जरूरी नहीं कि वह मानवीय दृष्टि से सार्थक भी हो।

समाजसेवी मुकेश शर्मा के आयोजन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. कुमार विश्वास ने नोएडा की आधुनिकता और विकास की सराहना करते हुए कहा कि यहां शानदार सड़कें हैं, बड़ी-बड़ी इमारतें हैं और चारों ओर रोशनी दिखाई देती है। लेकिन इसी शहर के इतिहास में निठारी जैसी दर्दनाक घटना भी दर्ज है, जो समाज की संवेदनशीलता और कमजोर वर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि निठारी कांड केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि समाज के उन अंधेरों की याद दिलाता है, जिन्हें विकास की चकाचौंध के बीच नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। किसी शहर की उपलब्धियों का आकलन सिर्फ उसकी आर्थिक प्रगति और बुनियादी ढांचे से नहीं होना चाहिए, बल्कि यह भी देखना जरूरी है कि वहां समाज के कमजोर और वंचित वर्ग कितने सुरक्षित हैं।

डॉ. कुमार विश्वास ने अपने संबोधन में कहा, “यह तरक्की आपको सफल बनाती है, लेकिन आवश्यक नहीं कि आप सफल हैं तो सार्थक भी हों। सफलता अलग चीज है और सार्थकता अलग चीज है।”

उन्होंने शायर की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा—

“इस दौर-ए-तरक्की के अंदाज़ निराले हैं,
ज़ेहनों में अंधेरे हैं, सड़कों पे उजाले हैं।”

उन्होंने कहा कि रामकथा का वास्तविक उद्देश्य केवल धार्मिक आख्यान सुनाना नहीं, बल्कि जीवन के उन अंधेरों में प्रकाश पहुंचाना है, जहां मनुष्य को नैतिकता, संवेदना और मानवीय मूल्यों की सबसे अधिक आवश्यकता है।

डॉ. कुमार विश्वास ने बताया कि अगले तीन दिनों तक ‘अपने-अपने राम’ के माध्यम से उनका प्रयास रामकथा को आधुनिक जीवन से जोड़ने और वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में उसकी प्रासंगिकता को समझाने का रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान उनका संदेश स्पष्ट रहा कि नोएडा जैसे आधुनिक शहर की असली पहचान केवल ऊंची इमारतों, चौड़ी सड़कों और जगमगाती रोशनी से नहीं बनती, बल्कि वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों से भी बनती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।