गौतमबुद्ध नगर में 17 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची, BLO के तीसरी गलती के बाद होगी कार्रवाई

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (13/11/2026): गौतमबुद्धनगर में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में तेजी ला दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मतदाताओं से समय पर संपर्क किया जाए और मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्यों में लापरवाही न बरती जाए। जिले में 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी।

निर्वाचन विभाग ने BLO की जिम्मेदारी तय करते हुए गलतियों पर कार्रवाई का प्रावधान किया है। पहली बार गलती होने पर मौखिक चेतावनी और दूसरी बार लिखित चेतावनी दी जाएगी। इसके बावजूद तीसरी बार गलती दोहराने पर संबंधित BLO के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ‘बुक ए कॉल विद BLO’ के तहत आने वाले अनुरोधों पर निर्धारित समय में कॉल बैक करना अनिवार्य होगा। बिना मतदाता से संपर्क किए उसे अनुपलब्ध दिखाने की अनुमति नहीं होगी।

ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद लोग चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपना नाम जांच सकेंगे। जिन लोगों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज जानकारी में संशोधन के लिए फॉर्म-8 जमा किया जा सकता है। यह प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल, ईसीआईनेट ऐप या BLO के माध्यम से पूरी की जा सकती है। किसी भी तरह की जानकारी या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 भी उपलब्ध है।

जिले में अनुमानित 28.34 लाख की आबादी के बीच कुल 15,27,428 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 8,34,652 पुरुष, 6,92,729 महिलाएं और 47 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार दादरी में 6,17,352, नोएडा में 5,93,236 और जेवर में 3,16,840 मतदाता दर्ज हैं। जिले में मतदान के लिए 766 मतदान केंद्र और 1,926 मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जिनकी निगरानी के लिए 194 सुपरवाइजर तैनात हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए 16 से 19 नवंबर तक गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में प्रशिक्षण और बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें चुनाव अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए व एओए पदाधिकारियों को शामिल किया जाएगा। निर्वाचन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद अपना नाम और विवरण जरूर जांच लें, ताकि चुनाव के दौरान मतदान करने में किसी तरह की परेशानी न हो।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।