New Delhi News (13 नवंबर 2026): छठ महापर्व को लेकर दिल्ली में तैयारियां तेज हो गई हैं। दिल्ली सरकार ने राजधानी में छठ पूजा के आयोजन के लिए कुल 1469 छठ घाटों को एनओसी जारी करने के साथ उनसे संबंधित प्रशासनिक आदेश और आवश्यक संसाधनों का आवंटन किया है। वहीं, जिन इलाकों में जगह की कमी, खुदाई की अनुमति नहीं मिलने या अन्य कारणों से पारंपरिक छठ घाटों का निर्माण संभव नहीं हो पाया है, वहां के छठ व्रतियों को राहत देने के लिए दिल्ली सरकार ने विशेष व्यवस्था करने का फैसला किया है। इसके तहत राजधानी में 100 विशेष छठ टब लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी क्षेत्र में श्रद्धालुओं को छठ पूजा करने में परेशानी न हो।
दिल्ली सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस विशेष पहल की जानकारी देते हुए कहा कि आस्था और परंपराओं का सम्मान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि उनके विभाग और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (IFC) की पहल के तहत राजधानी में 100 विशेष छठ टब लगाने की शुरुआत की गई है। इनका उद्देश्य उन क्षेत्रों में छठ पूजा की सुविधा उपलब्ध कराना है, जहां जमीन की खुदाई की अनुमति नहीं है या पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं होने के कारण पारंपरिक घाट तैयार करना संभव नहीं है। इस व्यवस्था से ऐसे इलाकों में रहने वाले छठ व्रती भी सुविधाजनक तरीके से सूर्य उपासना और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि इसी पहल के तहत शुक्रवार को 11 अशोक रोड और साउथ एवेन्यू में दो विशेष छठ टब स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन टबों के माध्यम से उन श्रद्धालुओं को भी पूजा की सुविधा मिलेगी, जिन्हें अब तक स्थानीय स्तर पर छठ घाट उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। सरकार की योजना के अनुसार इन विशेष टबों का इस्तेमाल केवल छठ महापर्व तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में दुर्गा पूजा, गणेश विसर्जन और सरस्वती पूजा जैसे अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान भी किया जा सकेगा। जरूरत और मांग के अनुसार इनकी संख्या में और बढ़ोतरी की जाएगी।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि राजधानी में किसी भी व्यक्ति की आस्था और धार्मिक परंपरा स्थान की कमी या किसी अन्य बाधा के कारण प्रभावित न हो। ऐसे में 100 विशेष छठ टब लगाने की यह पहल उन क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जहां पारंपरिक घाटों की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण है। सरकार की ओर से एक तरफ 1469 छठ घाटों को अनुमति देकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ विशेष छठ टब के जरिए शेष इलाकों तक भी पूजा की सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।